रायबरेली में एक विवाहिता गायत्री की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। गला दबाकर मारने का आरोप उसके देवर अरविंद उर्फ पूतानी पर ही लगा है। जिसके साथ गायत्री रह रही थी। गुरुवार सुबह अरविंद बेसुध हालत में गायत्री को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा था। जहां वो गायत्री को छोड़कर भाग गया। बाद में डॉक्टर ने गायत्री को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के पहुंचने के बाद गायत्री की दो बेटियां साक्षी और रुचि ने बताया कि उन्होंने चाचा को मम्मी का गला दबाते हुए देखा था। अब पुलिस इस मामले में अरविंद को तलाश कर रही है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सामने आएगी।
अरविंद के पकड़े जाने के बाद मौत की कहानी आएगी सामने
चंदापुर कोठी के पीछे किराए के मकान में गायत्री रहती थी। वो न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल में चपरासी की नौकरी करती है। 2012 में उसके पति की मौत हो गई थी। बाद में, गायत्री अपने बच्चों को लेकर देवर अरविंद के साथ रहने लगी थी। दोनों के बीच विवाद होने लगे थे। लेकिन, ये सामने नहीं आया कि आखिर ऐसा क्या हुआ।
जिसकी वजह से गायत्री की जान चली गई। पुलिस मान रही है कि अरविंद के पकड़े जाने के बाद पूरी कहानी सामने आएगी। गायत्री के भाई ने भी पुलिस को बताया कि उनकी बहन को पहले भी धमकियां मिली थी। लेकिन, मामला यहां तक पहुंचेगा। ये अंदाजा नहीं हुआ।
शहर कोतवाली प्रभारी राघवन सिंह के मुताबिक परिवार की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.