टापू बना सोनिया गांधी का संसदीय क्षेत्र रायबरेली:सैकड़ों परिवार घरों में कैद, बाहर निकलने के लिए ले रहे नाव का सहारा; फसलें हुईं जलमग्न

रायबरेली2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
टापू बना सोनिया गांधी का संसदीय क्षेत्र रायबरेली। - Dainik Bhaskar
टापू बना सोनिया गांधी का संसदीय क्षेत्र रायबरेली।

उत्तर प्रदेश सरकार के विकास के बड़े दावों के बीच सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में यूपी सरकार के विकास की बेहद डरावनी तस्वीर देखने को मिली है। यहां अमावा ब्लॉक के पूरे तिलक मजरे बघैल गांव टापू बना हुआ है। सैकड़ों ग्रामीण घरों में कैद हैं। बाहर निकलने के लिऐ उन्हें नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों की फसलें जलमग्न होकर बर्बाद हो गई हैं।

गांव में नाव के सहारे घर आ-जा रहे हैं ग्रामीण।
गांव में नाव के सहारे घर आ-जा रहे हैं ग्रामीण।

गंगा किनारे बसा है गांव

अमावा ब्लॉक के पूरे तिलक मजरे बघैल गांव गंगा किनारे बसा है। अनमोल सिंह बताते हैं कि गांव में पानी बहुत बढ़ गया है। आने-जाने व खाने-पीने की दिक्कत है। अनमोल टमाटर, बैगन और मिर्चे की खेती करते हैं, लेकिन पानी के चलते वो भी नहीं बची है। एक से डेढ़ बीघे की खेती थी। वो भी अब चौपट हो गई है। बुज़ुर्ग महिला बुद्धि राधा बताती हैं कि गांव में हालात बहुत खराब हैं। एक बीघे में बैगन, टमाटर, मिर्चा और मूली की खेती की थी। अब सारी फसल पानी से बर्बाद हो गई है। खरीदकर भी खाने के पैसे नहीं हैं।

पूरे गांव में भर गया है बाढ़ का पानी।
पूरे गांव में भर गया है बाढ़ का पानी।

प्रशासन से नहीं मिली कोई मदद

गांव निवासी शिवशंकर सिंह बताते हैं कि पूरा गांव बाढ़ के पानी से जलगम्न है। जानवर भी पानी में ही रह रहे हैं। घर में रहने का ठिकाना नहीं है। खेती-बाड़ी सब चली गई है। जानवरों को पानी के बीच में बांधा जा रहा है। जानवरों को चारा भी नहीं मिल पा रहा है। बाहर से किसी तरह भूसा ला रहे हैं। ढाई बीघे में भिंडी-टमाटर की खेती की थी, वो भी डूब गई। धान की फसल भी डूब गई है। अभी तक प्रशासन की तरफ से कोई झांकने तक नहीं आया है।

खबरें और भी हैं...