रायबरेली जिले के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के खंडारीपुर गांव में 20 सितंबर को सपा की पूर्व सांसद स्व. फूलन देवी की प्रतिमा स्थापित करने का एलान किया गया था। यह एलान सपा विधायक मनोज पांडेय ने किया था। आज गांव में कार्यक्रम की तैयारी हो रही है। हालांकि हिंदू युवा वाहिनी की शिकायत पर पुलिस बल को गांव में तैनात किया गया है। मूर्ति स्थापित करने के लिए बने चबूतरे को 6 दिन पहले ग्रामीणों ने तोड़ दिया था। पुलिस-प्रशासन ने ग्राम प्रधान अनिल कुमार को हिदायत दी है कि गांव में ऐसा कोई कार्यक्रम न होने दें, जिससे माहौल खराब हो। गांव में फूलन देवी की प्रतिमा स्थापित करने की परमिशन नहीं दी गई है।
हिंदू युवा वाहिनी ने दर्ज कराया था विरोध
बता दें कि ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के खंडारीपुर गांव में अनौपचारिक रूप से सपाई पूर्व सांसद स्व. फूलन देवी की मूर्ति लगाने का प्रयास कर रहे हैं। 10-11 सितंबर को गांव में मूर्ति स्थापित करने के लिए चबूतरा बनकर तैयार हो गया था। 20 सितंबर को मूर्ति स्थापना की बात कही गई थी। हिंदू युवा वाहिनी ने इसका विरोध किया था। साथ ही पुलिस-प्रशासन से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी। ये खबर जब प्रशासन को हुई तो ग्राम प्रधान अनिल कुमार को हिदायत दी गई कि गांव में ऐसा कोई कार्यक्रम न होने दें। फूलन देवी की प्रतिमा स्थापित करने की परमिशन नहीं दी गई है।
सपा विधायक ने किया था मूर्ति लगवाने का एलान
बीते दिनों हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक जितेंद्र सिंह ने बयान दिया था कि समाजवादी पार्टी के ऊंचाहार विधायक मनोज पाण्डेय और उनके प्रदेश सगंठन द्वारा 20 सितंबर को फूलन देवी की मूर्ति लगवाने का एलान किया गया है। ये कितना सही है? अगर आपको मूर्ति लगवानी ही है तो एक देशभक्त के रूप में आप निषादराज गुहा की लगवाएं, नहीं तो देश के स्वतंत्रता संग्राम में अमर शहीद मंगल पांडेय, अशफाक उल्ला खान, चंद्रशेखर आजाद, शहीदे आजम भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और अब्दुल हमीद की प्रतिमा लगवाएं। हम सब आपका स्वागत और सहयोग भी करेंगे।
14 सितंबर को तोड़ा गया था चबूतरा
प्रशासन की सख्ती के बाद 14 सितंबर को चबूतरा तोड़ दिया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि इसे अराजकतत्वों ने नहीं ग्रामीणों ने तोड़ा है। वहीं चबूतरा टूटने के बाद करणी सेना ने इसे राजपूतों की विजय बताया था। अब आज जब 20 सितंबर है तो जिला प्रशासन को इनपुट मिला की मूर्ति स्थापित हो सकती है। इसको देखते हुए कई थानों की पुलिस और सर्किल के सीओ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। गांव में सुरक्षा व्यवस्था सख्त है। कोई भी असामाजिक तत्व मूर्ति की स्थापना न कर सके, इसको लेकर प्रशासन की व्यवस्था चाक-चौबंद है।
प्रशासन ने नहीं दी मूर्ति लगवाने की अनुमति
बताया जा रहा है कि सपा के पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने जब्बारीपुर गांव में पिछड़ा वर्ग को जोड़ने के लिए एक जनसभा का आयोजन किया था। इसी जनसभा में फूलन देवी की मूर्ति लगाने का समाजवादी पार्टी की तरफ से एलान किया गया था। हालांकि प्रशासन की तरफ से अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। वहीं इन सबसे बीच भी गांव में आज कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.