उत्तर प्रदेश के रायबरेली में ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सपा और भाजपा के बीच मारपीट हुई। ब्लॉक प्रमुख चुनाव जीतने के लिए सत्ताधारी दल ने जमकर हिंसा फैलाई। अब जब चुनाव खत्म हो गया है तो भी सत्ता पक्ष के नेताओं के धमकी भरे बोल सामने आ रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या के बेटे उत्कृष्ट मौर्या का एक वीडियो सामने आया है। वह ऊंचाहार सीट से सपा विधायक को धमकी दे रहे हैं कि गुंडई नही चलेगी। अगर लाठी-डंडा हम लोग उठा लेंगे तो ऊंचाहार क्या रायबरेली में भी रहने लायक नही रहोगे।
उत्कृष्ट मौर्या की पत्नी लड़ी थीं ब्लॉक प्रमुख चुनाव
उत्कृष्ट मौर्या की पत्नी सविता मौर्या रायबरेली के दीन शाह गौरा ब्लॉक से निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। 8 जुलाई को नामांकन के समय बीजेपी प्रत्याशी के गुर्गों ने समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी सुमन यादव से नामांकन पत्र छीन लिया था। इसके बाद जमकर पथराव हुआ और गाड़ियां तोड़ी गई थीं। यही नही बेलगाम हुए भाजपाइयों ने पत्रकारों तक को पीटकर उनके मोबाइल छीन लिए थे। नाराज सपाईयों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय के नेतृत्व में धरना दिया था।
मनोज पांडेय का पलटवार
वहीं, सपा विधायक मनोज पांडेय ने नसीहत देते हुए कहा कि सत्ता के नशे में जो मदमस्त हैं। हमने 2012 से 2017 तक उनकी औक़ात देखी है। अगर जनता की ताकत देखना चाहोगे तो आज चुनौती दे रहा हूं और ऐलान कर रहा हूं, अब गुंडई करके दिखाना हमारी विधानसभा में या तो मैं नही या आप नहीं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.