रामपुर कद्दावर नेता और सपा सांसद आजम खान का गढ़ माना जाता है। 9 बार विधायक रह चुके आजम खान की परंपरागत सीट शहर विधानसभा में भाजपा शीर्ष नेतृत्व की पूरी ताकत झोंक देना चाहती है। शहर के साथ-साथ अन्य 4 सीटों पर भी भाजपा कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 31 जनवरी को शहर विधानसभा के घरों की कुंडी खटखटाएंगे और भाजपा का प्रचार करेंगे। अमित शाह विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर में भी चुनाव प्रचार करेंगे। बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बलदेव सिंह औलख मौजूदा प्रदेश सरकार में जल शक्ति राज्यमंत्री हैं। वह भाजपा के टिकट पर इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।
दो बार योगी कर चुके हैं दौरा
माना जा रहा है कि भाजपा ने रामपुर को अपने अहम का सवाल यानी प्रेस्टीज इश्यू बनाया है। इसी के चलते योगी आदित्यनाथ आदर्श चुनाव आचार संहिता लगने से ठीक पहले एक माह में दो बार आ चुके हैं। एक बार सरकारी योजनाओं का प्रचार किया तो दूसरी बार अपने प्रत्याशियों का प्रचार करने रठोन्डा के मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे।
भाजपा की ओर से मुख्तार मुस्लिम चेहरा
राज्यसभा सदस्य एवं केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी रामपुर को अपनी कर्मभूमि मानते हैं। हालांकि उन्होंने अपना आवास रामपुर में बनवाया है, जबकि वह प्रयागराज के रहने वाले हैं। मुख्तार अब्बास नकवी रामपुर से सांसद रह चुके हैं और भाजपा का मुस्लिम चेहरा रामपुर में माने जाते हैं। इसी के चलते हर महीने वह 2 दिन के लिए रामपुर जरूर आते हैं और बड़े कार्यक्रमों में शामिल होते हैं।
पांचों प्रत्याशियों का मुख्तार ने कराया नामांकन
मुख्तार अब्बास नकवी ने भाजपा के पांचों प्रत्याशियों का नामांकन रामपुर पहुंचकर करवाया। उन्होंने जनता के बीच जाकर अपने प्रत्याशियों को जिताने की अपील की है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा ने रामपुर को अपनी इज्जत का सवाल बना लिया है और सारी ताकत झोंकने का मन बनाया है ।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.