रामपुर में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) पर थूकने वाला एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को फर्जी डेथ सर्टिफिकेट न बनाने पर दबंगों ने दस्तावेज फाड़कर VDO के मुंह पर थूक दिया था। साथ ही मारपीट कर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी थी। मामले के बाद ग्राम विकास अधिकारी फूट-फूटकर रोए थे। पुलिस ने चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया था।
यह था मामला?
विकासखंड बिलासपुर की ग्राम पंचायत महूनागर के ग्राम विकास अधिकारी राजीव कुमार दोपहर करीब 12 बजे एडीओ पंचायत कार्यालय में बैठे थे। तभी ग्राम महूनागर के रहने वाले अफसान, उस्मान, आलमगीर और सब्बू वहां पहुंचे। सभी लोग ग्राम विकास अधिकारी राजीव से फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनाने का दबाव डालने लगे। उन्होंने मना किया तो चारों ने ग्राम विकास अधिकारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ ही उनके मुंह पर थूक दिया और दस्तावेज फाड़ दिए। दबंगों ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद गाली गलौज और धमकाते हुए भाग गए।
पूर्व प्रधान को गिरफ्तार किया, अन्य की तलाश जारी
ग्राम विकास अधिकारी राजीव कुमार की तहरीर पर थाना बिलासपुर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही मामले में जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने देर रात आरोपी पूर्व प्रधान उसमान खां को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संसार सिंह ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी राजीव कुमार के साथ मारपीट करने और मुंह पर थूकने, जान से मारने की धमकी देने के आरोपियों में से एक उसमान खां को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश जारी है, जल्द अन्य आरोपी भी पकड़ लिए जाएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.