रामपुर के थाना अजीम नगर क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपने बच्चे की बीमारी ठीक कराने पहुंची महिला को दो ठगों ने अपना शिकार बना लिया। ठगों ने जेवरात फूंक कर देने और बीमार बच्चे को पानी पिलाने के बहाने महिला के गहने ठग लिए। ठगों की सारी करतूत घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पीर साहब के नाम पर ठगों ने उड़ाए जेवरात
बच्चे की बीमारी के चलते अजीम नगर क्षेत्र के गांव इमरता की एक महिला मंगलवार को स्वार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। महिला अपने छोटे भाई के साथ स्वार सामुदायिक केंद्र परिसर में खड़ी थी, इतने में एक ठग वहां पर पहुंच गया और महिला से बातचीत कर अपने झांसे में लेकर स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट के पास ले गया। वहीं दूसरा ठग गेट के पास ही खड़ा था और उसने महिला से झाड़-फूंक के जरिए बच्चे की बीमारी ठीक करने की बात कहने लगा। ठग ने कहा कि वह पीर साहब की दुआ से सब ठीक कर देगा।
जेवरात के बजाय कपड़े में मिला पत्थर का टुकड़ा
ठग ने महिला से कहा कि सोने की चीजों को फूंक कर दे दिया जाएगा उसे पानी में डाल देना और बच्चे को उसका पानी पिला देना, जिससे वह ठीक हो जाएगा। ठग ने महिला से सोने के आभूषण देने की बात कही। ठगों के झांसे में आकर महिला ने अपने पहने हुए सोने के आभूषण उतार कर ठगों को दे दिए, जिसके बाद दोनों ठगों ने महिला को झाड़-फूंक कर जेवरात एक कपड़े में लपेटकर वापस कर दिए। महिला ने जब उस कपड़े को खोल कर देखा तो उसके होश उड़ गए। दरअसल, कपड़े में जेवरात न होकर एक पत्थर का टुकड़ा रखा हुआ था। तब महिला को उसके ठगे जाने का एहसास हुआ। फिलहाल ठगों की सारी करतूत गेट पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। ठगी सीसीटीवी में हुई कैद
स्वार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ठगी का शिकार हुई इमरता निवासी महिला ने पत्रकारों से ठगे जाने की आपबीती सुनाई। उन दोनों ठगों की महिला से बातचीत करते हुए तस्वीर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। महिला के बयान के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.