रामपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी और डेढ़ माह की नवविवाहिता कि थाना अजीम नगर में ससुराल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका के गले पर निशान पाए गए हैं। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर अवैध संबंध के चलते हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देने का मन बनाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
एक महीना अठारह दिन पहले हुई शादी
रामपुर के सिविल लाइन क्षेत्र के अजीतपुर में रहने वाले यूनुस ई रिक्शा चलाते हैं। यूनुस ने अपनी सबसे छोटी बेटी रानी(19) की शादी अब से ठीक 1 महीने 18 दिन पहले थाना अजीम नगर के ग्राम बगरऊवा में की थी। रानी की शादी ग्राम बगरऊवा के ईशान(23) से हुई थी, जो कोट पेंट बनाने का काम दिल्ली में करता है। परिजनों के मुताबिक बीती रात करीब डेढ़ बजे ससुराल पक्ष ने बताया कि रानी की तबीयत खराब है। इस पर जब परिजन ससुराल पहुंचे तो वहां रानी मृत अवस्था में मिली। साथ ही उसके गले पर निशान पाया गया।
पति के हैं अवैध संबंध
परिजनों ने यह भी बताया कि लड़के की कमाई अच्छी है और उसका किसी और लड़की से अवैध संबंध भी है। वह अक्सर लड़की से फोन पर बात करता है। परिजनों ने बताया कि रानी की बहन ने ईशान को फोन पर बात करते हुए देखा था और अपनी मां को बताया था, लेकिन यह बात किसी पुरुष को नहीं बताई गई, जो अब सामने आई है। इसी के चलते उन्हें शक है कि रानी को फांसी लगाकर मौत के घाट उतारा गया है। इस संबंध में वह पुलिस को तहरीर देंगे। परिजनों के मुताबिक घटना के समय घर में ससुराल पक्ष के सभी लोग मौजूद थे।
दहेज और दो लाख कैश देने के बाद पति मांग रहा था कार
रानी के घरवालों ने यह भी बताया की पति अक्सर चीजों की मांग भी करने लगा था और अब कार भी मांग रहा था, जबकि शादी में दहेज के साथ दो लाख रुपए कैश बगरऊवा के प्रधान के माध्यम से दिए गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में कर जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस परिजनों से तहरीर लेकर अग्रिम कार्रवाई करेगी। फिलहाल पति ईशान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.