रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र में 15 दिन से लापता विवाहिता गुरुवार को अपने प्रेमी को साथ लेकर ससुराल पहुंच गई। इसे देखकर विवाहिता के पति सहित परिजनों चौंक गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस प्रेमी, विवाहिता और उसके पति को थाने ले आई। थाने में भी विवाहिता अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ गई। इसके बाद महिला के पति ने सहमति जताते हुए पत्नी को प्रेमी के साथ भेज दिया।
पति ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
बता दें कि स्वार थाना क्षेत्र निवासी एक युवक का विवाह 3 वर्ष पूर्व मुरादाबाद निवासी एक व्यक्ति की बेटी के साथ हुआ था। तब से पति-पत्नी साथ-साथ रह रहे थे। उनकी एक बेटी भी थी। विवाहिता 15 दिन पूर्व घर से बिना बताए अपनी बच्ची को साथ लेकर गायब हो गई। कई दिन बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं आई। तब पति ने अपनी ससुराल वालों को जानकारी दी और थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। विवाहिता गुरुवार सुबह मुरादाबाद निवासी प्रेमी के साथ ससुराल पहुंची और पति के साथ न रहने की बात कहने लगी।
पत्नी का हाथ प्रेमी के हाथ में दिया
इसे सुनकर उसके पति और परिजनों में हड़कंप मच गया। महिला के पति ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला, उसके प्रेमी और पति को कोतवाली ले आई। इस दौरान महिला के मायके वाले भी आ गए और वह महिला को समझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन महिला अपने प्रेमी के साथ ही जाने की जिद पर अड़ी रही। काफी प्रयास करने के बाद कोई हल नहीं निकलने पर पति ने सहमति जताते हुए अपनी पत्नी का हाथ उसके प्रेमी के हाथ में दे दिया। उन्हें साथ रहने की इजाजत दे दी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.