देवबंद में एंटी रोमियो महिला सुरक्षा दल ने स्कूली छात्राओं के साथ अब मदरसा की छात्राओं को भी सुरक्षा के गुर बताना शुरू किया है। सोमवार को पुलिस ने छात्राओं के मदरसे में पहुंचकर बच्चियों को स्वयं की सुरक्षा किए जाने के टिप्स दिए और उनसे निडर होकर अपनी शिक्षा पूरी करने का आह्वान किया।
नगर के मोह. गुजरवाडा मे लड़कियों के मदरसे जामिया तुल कुदसियात में एंटी रोमियो महिला सुरक्षा दल के अंतर्गत सोमवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उप निरीक्षक शिवानी चौधरी ने मदरसे मे पढ़ने वाली सभी छात्राओं अध्यापिकाओं को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण से संबंधित समस्त योजनाओं की जानकारी दी l
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस हर समय छात्राओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है। किसी भी तरह की समस्या होने पर पुलिस को फोन करें। उन्होंने सभी छात्राओं महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों के विषय में भी भी जानकारी दी। शिवानी चौधरी ने छात्राओं से आह्वान किया कि निडर होकर अपनी पढ़ाई पूरी करें कोई समस्या हो तो छुपाएं नहीं तत्काल पुलिस को बताएं।
सुरक्षा को लेकर रहें सचेत
अध्यापक-अध्यापिकाओं से भी कहा कि वह भी अपनी सुरक्षा को लेकर सचेत रहें कोई भी समस्या होने पर पुलिस को अवगत कराएं। उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है। मदरसे के संस्थापक कारी आमिर उस्मानी ने बताया सरकार द्वारा चलायी जा रही सभी योजनाएं बहुत ही सराहनीय हैं। हम इनका स्वागत करते हैं l
यह लोग रहे मौजूद
उन्होंने कहा कि योजनाओं से समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। विशेष रूप से पढ़ने वाली बच्चियों को उनकी सुरक्षा के बारे मे स्कूल और मदरसों में जाकर जानकारी देना बेहद अहम है। इस अवसर पर महिला कांस्टेबल संदीप कौर, शिवानी रानी, हिमानी एवं फखरजहां, खालदा उस्मानी, राशीदा उस्मानी, फौजिया अजीमी, आयशा नबीला राहिला, जैतून निशा, मा. दानिश उस्मानी आदि मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.