सहारनपुर मंडल में 24 घंटे में कोरोना मरीजों की संख्या दुगुनी हो गई है। गुरुवार को मंडल में कोरोना संक्रमित मरीज 590 मिले थे। वहीं शुक्रवार को संख्या बढ़कर 1024 हो गई है। सहारनपुर (486), मुजफ्फरनगर (486) व शामली में (152) कोरोना संक्रमित मिले हैं। मंडल में एक्टिव केसों की संख्या 3534 हो गई है।
40 चिकित्सक है पॉजिटिव
सहारनपुर मंडल में अभी तक सरकारी और निजी 40 चिकित्सक कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। अधिकारी 8, पुलिसकर्मी 158, छात्र-छात्राएं 335 , शिक्षक 101, कर्मचारी 61 संक्रमित मिल चुके है। 60 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज अस्पतालों में भर्ती है। हालांकि भर्ती मरीजों को स्वस्थ बताया जा रहा है। सहारनपुर के मेडिकल कॉलेज में एक प्रसूता की मौत भी हो चुकी है।
3534 एक्टिव केस
तीसरी लहर में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में अभी तक करीब 4000 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। जिनमें से करीब 476 मरीज ठीक हो चुके हैं। हालांकि अभी एक्टिव केसों की संख्या 3534 है। सहारनपुर में (1276), मुजफ्फरनगर में (1624) व शामली में (634) एक्टिव केस हैं। एक्टिव केसों में 1971 संक्रमित मरीज ग्रामीण आंचलों व 1563 संक्रमित मरीज शहरी क्षेत्र के हैं।
संक्रमितों में 110 बच्चे शामिल
सहारनपुर मंडल में कोरोना संक्रमित 1024 में 110 बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी आयु दो से 12 वर्ष तक है। इनके अलावा 80 फीसदी 18 से 45 वर्ष की आयु के युवा हैं। शेष 46 से अधिक आयु वर्ग के हैं। यानी कोरोना की चपेट में सबसे अधिक युवा ही हैं।
गर्भवती महिलाओं के लिए बनेगा वार्ड
कोरोना संक्रमित प्रसूता की बच्चे को जन्म देते ही मौत हो गई थी। जिसके बाद सहारनपुर पहुंचे अपर मुख्य सचिव और जिला नोडल अधिकारी डा.रजनीश दुबे ने महिला अस्पताल में कोरोना संक्रमित गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से वार्ड बनाने के निर्देश दिए। वार्ड में 50 बेड होंगे, जो गर्भवती महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। डेडीकेटेड कोविड ऑपरेशन थिएटर में गर्भवती महिलाओं का ऑपरेशन किया जाएगा। जिसे दो दिनों में तैयार किया जाएगा।
एडी हेल्थ डा.बृजेश राठौर का कहना है कि टेस्टिंग बढ़ाई गई है। जिस कारण मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। वहीं विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को लोगों को जागरुक करने के निर्देश दिए गए है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.