संभल में घर में सो रही वृद्ध महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
चारपाई पर खून से लथपथ वृद्ध महिला का शव मिला है। वहीं पुलिस महिला की हत्या की तफ्तीश में जुटी है। वृद्ध महिला की हत्या का पूरा मामला जनपद संभल के थाना नखासा क्षेत्र के गांव सलारपुर का है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची
मंगलवार को 70 साल की वृद्ध महिला भूरी का शव उसी के घर में चारपाई पर खून से लथपथ मिला है। घर में सो रही वृद्ध महिला की अज्ञात बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दी।
बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने की जानकारी परिजनों को मिली तो हड़कंप मच गया। थाना पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा मिला
मृतका के पुत्र मुबारिक ने बताया कि उनकी गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं है। घटना के वक्त उसकी मां घर में अकेले सो रही थी। मंगलवार को सुबह करीब 3:30 बजे किसी ने फोन पर उसकी मां की हत्या किए जाने की जानकारी दी।
मौके पर जाकर देखा तो उसकी मां का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। जबकि शव के नजदीक एक चाकू भी पड़ा था। मुबारिक के अनुसार उसकी मां की गर्दन को बुरी तरह से रेता गया है।
वृद्ध महिला का शव पीएम को भेजा: एएसपी
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक श्री चंद्र ने बताया कि सलारपुर गांव में भूरी नाम की वृद्ध महिला की हत्या किए जाने की जानकारी मिली है।
गले पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.