धनघटा थाना क्षेत्र के लौकिहा गांव में रविवार को आयोजित निकाह समारोह में अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई हर्ष फायरिंग के दौरान दो व्यक्ति गोली लगने से बुरी तरह घायल हो गए। दोनों घायलों को उनके परिजन तत्काल लेकर बस्ती अस्पताल पहुंचे, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के लौकिहा गांव निवासी मुर्तजा पुत्र अकबर अली के बेटी सरवरी खातून का निकाह रविवार को गांव निवासी हलीम पुत्र अब्दुरसलाम के बेटे के साथ होना था। हलीम निकाह की बारात लेकर गांव में मुर्तजा के दरवाजे पर पहुंचे थे। निकाह की रस्म पूरी हो चुकी थी। निकाह की रस्म पूरी होने के बाद सभी बाराती व घराती हाथ उठाकर दुल्हा-दुल्हन की सलामती के लिए दुआ मांग रहे थे कि दौरान मजमे के एक किनारे से फायरिंग की आवाज अचानक आई आवाज सुनने के बाद मौजूद लोगों में से लौकिहा गांव निवासी नदीम पुत्र अब्बुरसलाम तथा गौवापार गांव निवासी फैज पुत्र जाहिद अली नामक दो लहूलुहान हो गए हैं। दोनों के पैर में गोली लगी हुई है। आनन-फानन में मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देकर दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों की सलाह पर दोनों घायलों को बस्ती अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
दूसरी तरफ हर्ष फायरिंग की सूचना पर पहुंची धनघटा पुलिस ने दूल्हे और उसके पिता को हिरासत में लेकर नजदीकी पौली पुलिस चौकी पहुंचा दिया है। जहां प्रभारी निरीक्षक धनघटा विनय कुमार पाठक एवं पौली पुलिस चौकी के प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक दुबे संयुक्त रूप से दूल्हे और उसके पिता से हर्ष फायरिंग के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। घटना को लेकर दुल्हन के पिता मुर्तजा द्वारा पुलिस को अज्ञात व्यक्ति द्वारा फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी गई। लेकिन पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध तहरीर लेने से इनकार करते हुए नामजद तहरीर देने का निर्देश दुल्हन के पिता को दिया है।
प्रभारी निरीक्षक धनघटा विनय कुमार पाठक ने कहा कि घटना की छानबीन कर पूरी जानकारी करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की पूरी जानकारी करने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.