संत कबीर नगर जिले में मंगलवार को सपा का चुनावी यात्रा पहुंची। यहां समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ट्रैक्टर की सवारी कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। साथ ही बढ़ती महंगाई को लेकर वर्तमान सरकार को घेरा। सपा की खेत-खलिहान, कुटीर उद्योग बचाओ, रोजगार दो, किसान-नौजवान यात्रा का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस यात्रा के माध्यम से सपाइयों ने तीनों विधानसभा में भ्रमण कर लोगों को सपा की उपलब्धियों और नीतियों को बताया।
भाजपा ने जनता को झूठे वादे करके धोखा दिया
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसान और नौजवानों का उत्पीड़न योगी सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि 2022 में सपा सरकार सभी वर्गों का सम्मान कर किसानों को खुशहाल और नौजवानों को रोजगार देने की काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता को झूठे वादे करके धोखा दिया है। महंगाई लगातार बढ़ रही है। डीजल-पेट्रोल, बिजली, दवा, गैस सिलेंडर के दाम घटने के बजाए बढ़ते जा रहे हैं।
किसान अपनी उपज बिचौलियों को बेचने को मजबूर
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज दो करोड़ किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार नहीं दे रही है। प्रदेश में केवल आठ फीसदी किसानों से धान-गेहूं की खरीद की गई। बाकी 92 फीसदी किसान अपनी उपज बिचौलियों को बेचने को मजबूर हैं।
बोले सपा नेता- प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार बढ़ा
यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष ले साथ शामिल रहे सपा के विधान परिषद सदस्य संतोष यादव उर्फ सन्नी ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण आर्थिक विषमताएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि युवा बेरोजगार घूम रहे हैं, लेकिन सरकार गूंगी बनकर बैठी हुई है। पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी ने कहा कि प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार बढ़ा है। इसलिए कोई उद्योगपति यहां उद्योग लगाने को तैयार नहीं है। कोरोना के नाम पर भी करोड़ों रुपए की लूट हुई है। सरकार बीमारियों व बाढ़ पर भी नियंत्रण नहीं कर पाई है। डेंगू से मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.