शाहजहांपुर में आज महाराष्ट्र की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ 3 प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं कर डोर-टू-डोर वोट मांगेगी। वह करीब 12 बजे कांग्रेस जिला कार्यालय पर पहुंचेंगी। कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद कांग्रेस की कोई भी बड़ी नेत्री पहली बार शाहजहांपुर में प्रत्याशियों के समर्थन में आ रही हैं।
कांग्रेस प्रत्याशियों ने उनके आने और स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि अभी तक कांग्रेस प्रत्याशी अकेले ही जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों को बताकर उनसे वोट मांग रहे थे। शिक्षा मंत्री के आने से प्रत्याशियों को कुछ बल जरूर मिलेगा।
शिक्षा मंत्री के स्वागत की तैयारी
कांग्रेस ने सभी 6 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं, जिनमें से 3 सीटों पर महिलाओं को मौका दिया गया है। यहां दूसरे चरण में 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। करीब 3 महीने पहले CM योगी की जनसभा में घुसकर ज्ञापन देने का प्रयास करने वालीं आशा वर्कर पूनम पांडेय के साथ पुलिस ने मारपीट की थी, जिससे वह काफी चर्चा में आ गई थीं। पूनम पांडेय से प्रियंका गांधी ने लखनऊ बुलाकर मुलाकात की थी। जब कांग्रेस ने टिकट दिए तो उसमें नगर सीट पर पूनम पांडेय का नाम था।
जलालाबाद सीट से गुरमीत कौर और पुवायां सीट से अनुज कुमारी को टिकट दिया गया। तीनों ही चेहरे जनता के लिए बिल्कुल नए हैं। हालांकि इनमें से पूनम पांडेय की बात करें तो पुलिस से हुई मारपीट के बाद वह चर्चा में आ गई थीं। मतदान को महज 6 दिन बचे हैं। ऐसे में अब पहली बार कांग्रेस की बड़ी नेत्री व महाराष्ट्र सरकार में मंत्री वर्षा गायकवाड़ शाहजहांपुर आ रही हैं।
नगर विधानसभा में डोर-टू-डोर कैंपेन करेंगी
पूनम पांडेय ने बताया, वर्षा गायकवाड़ सबसे पहले कांग्रेस के कार्यालय पहुंचेंगी, जहां पर कुछ देर रहेंगी। उसके बाद उनके साथ डोर-टू-डोर वोट मांगने भी जाएंगी। नगर विधानसभा क्षेत्र में करीब एक घंटा रुकने के बाद शिक्षा मंत्री 2 और प्रत्याशियों के लिए सभाएं करने चली जाएंगी।
प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में सबसे आगे निकली भाजपा
चुनाव प्रचार की बात करें तो सपा, बसपा और कांग्रेस भाजपा से काफी पीछे रहे गई है, क्योंकि पिछले 3 महीने की बात करें तो सीएम योगी, पीएम नरेंद्र मादी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने प्रत्याशियों के समर्थन में सभाओं से लेकर डोर-टू-डोर जाकर वोट तक मांग चुके हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.