सिद्धार्थनगर में डीएम दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में कपिलवस्तु महोत्सव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर से शुरू होने वाले पांच दिवसीय महोत्सव में गायक सुखविंदर सिंह, गायिका रेखा भारद्वाज, भोजपुरी फिल्मों के कलाकार खेसारी लाल यादव जलवा बिखरेंगे। इस महोत्सव में देश के कई राज्यों की सांस्कृतिक झलक दिखाई देगी। बच्चों को प्रेरित करने वाले कार्यक्रम और ऑनलाइन प्रतियोगिताओं के भी आयोजन होंगे।
20 से 24 नवंबर तक किया आयोजन
जिले के डीएम ने बताया कि पांच दिवसीय महोत्सव का आयोजन 20 से 24 नवंबर तक किया जाएगा। 20 नवंबर को महोत्सव का शुभारंभ होगा। रात में बॉलीवुड गायिका रेखा भारद्वाज गीत प्रस्तुत करेंगी। डांस ग्रुप के कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। 21 को दिन में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति व स्कूली बच्चों का कार्यक्रम होगा। रात के कार्यक्रम में बृज की होली का मंचन किया जाएगा। पदमश्री गुलाबो देवी राजस्थानी लोक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। 22 की रात्रि में जयपुर बीटस के कलाकारों का कार्यक्रम होगा। कवि सम्मेलन व मुशायरा में डा. विष्णु सक्सेना, अनामिका अंबर, वसीम बरेलवी, गजेंद्र सोलंकी, हासिम फिरोजाबादी आदि आएंगे। 23 को कामेडी नाइट में बॉलीवुड हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव की प्रस्तुति होगी। भोजपुरी नाइट में गायक खेसारी लाल का कार्यक्रम है। 24 नवंबर को स्थानीय कलाकारों का कार्यक्रम होगा। रात्रि में बॉलीवुड गायक सुखविंदर सिंह गायक प्रस्तुत करेंगे।
पत्रकारों के लेख होंगे प्रकाशित
अतिथि कलाकारों का कार्यक्रम आयोजन स्थल पर होगा। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों की कुछ प्रस्तुतियां लोहिया कला भवन में होगी। रंगमंच कलाकार विजित सिंह का कार्यक्रम रात्रि में आयोजित किया जाएगा। स्मारिका प्रकाशन की निगरानी के लिए मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग को दी गई है। स्मारिका में मीडियाकर्मियों का फोटोग्राफ भी लगाया जाएगा। स्मारिका में पत्रकारों के लेख भी प्रकाशित होगें।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.