शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जुगड़िहवा में शुक्रवार की देर रात सरकारी गढ्ढे की जमीन को पाटकर मकान बनवा रहे वर्तमान प्रधान व पूर्व प्रधान प्रत्याशी में जमकर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शोहरतगढ़ में इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। पीड़ित पूर्व प्रधान प्रत्याशी ने ग्राम प्रधान के खिलाफ तहरीर दी। शोहरतगढ़ पुलिस संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम जुगडिहवा में सरकारी गढ्ढे को पाटकर मकान बनवा रहे ग्राम प्रधान मोहन चौधरी के खिलाफ पूर्व प्रधान प्रत्याशी भगवान दास यादव ने उपजिलाधिकारी उत्कर्ष श्रीवास्तव को लिखित शिकायत की। आरोप है कि प्रधान मोहन चौधरी अपने घर के पश्चिम गढ्ढे को पाटकर मकान बनवा रहे हैं। आरोप लगाया कि उनका आधा मकान व शौचालय भी गढ्ढे में बना हुआ है। पीछे बचे गढ्ढे को पाटकर मकान बनाने के लिए चोरी छिपे पिलर गाड़ रहे हैं। तहसील प्रशासन ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को रोकवा दिया था।
इसी रंजिश में ग्राम प्रधान मुकेश चौधरी के परिवार के लोग शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे भगवान दास यादव के घर पर चढ़कर मारपीट करने लगे। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चलने लगे। जिससे दोनों पक्ष से आठ लोग घायल हो गये।शिकायतकर्ता भगवान दास यादव, रामभवन, सतई, प्रभावती व अकाली मारपीट में घायल हो गईं।
सीओ शोहरतगढ़ हरिश्चंद्र, एसओ शोहरतगढ़ जयप्रकाश दूबे भारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी शोहरतगढ़ पहुंचाया गया है। जहाँ सभी घायलों का इलाज किया गया। चंद्रभान की स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था, जहां पर इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही।
शनिवार सुबह भगवान दास यादव ने शोहरतगढ़ थाने पर ग्राम प्रधान के खिलाफ तहरीर दिया हैं। जिसके आधार पर ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं ग्राम प्रधान मोहन चौधरी का कहना है कि रास्ता का विवाद काफी दिनों से चल रहा है। इसी रास्ते को लेकर शुक्रवार विवाद होने लगा और भगवान दास के परिजन लाठी डंडा और ईंट से मारने लगे। जिससे हमारे घर के चार सदस्यों के सिर व हाथ में भी काफी चोटें आई हैं।
एसओ जय प्रकाश दूबे ने बताय कि आरोपियों मोहन चौधरी, आकाश, प्रमोद, राम लखन, भल्लू के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 323, 504, 506, 324, 552, 308 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.