मानपुर थाना क्षेत्र के रामपुर घेरवा गांव में कच्ची दीवार छप्पर पर गिर गई। कच्ची दीवार पर छप्पर पड़ा हुआ था, जिसके नीचे दादी और पोती सो रहीं थी। दीवार का मलबा हटाकर परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी कसमंडा ले गए। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
महिला और दो बकरियों की मौत
थाना क्षेत्र के रामपुर घेरवा निवासी 48 वर्षीय सुखरानी पत्नी स्व. विश्राम पासी अपनी पोती दो वर्ष की पोती सरोजनी पुत्री भूरे लाल के साथ दीवार पर पड़े छप्पर के नीचे सो रही थी। गुरुवार रात करीब तीन बजे अचानक कच्ची दीवार इनके ऊपर गिर गई। चीख पुकार सुनकर परिजन व पड़ोसी मौके पर इकठ्ठा हो गए। मलबा हटाकर परिजन दादी व पोती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमंडा ले गए। जहां डॉक्टरों ने सुखरानी को मृत घोषित कर दिया। सरोजनी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं इस हादसे में छप्पर के नीचे बंधी दो बकरियों की भी दबकर मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार
सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस व बिसवां तहसील के नायब तहसीलदार और लेखपाल नीरज कुमार मौके पर पहुंचे। छप्पर के नीचे रखा सारा गृहस्थी का सामान तहस नहस हो गया। दो साइकिल भी ध्वस्त हो गईं। तहसीलदार बिसवां अभिचल प्रताप सिंह ने बताया कि पीडि़त अगर मुआवजे के लिए आवेदन करेंगे तो उन्हें मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.