अपर जिलाधिकरी सहदेव कुमार मिश्र ने राजकीय बालिका इण्टर कालेज राबर्ट्सगंज में उत्तर प्रदेश दिवस का शुभारंभ किया। आयोजित कार्यक्रम में मां सरस्वती के चित्र माल्यार्पण कर व दीप प्रज्जवलन किया। स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगोली, भाषण प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता व सांस्कृतिक कार्यक्रम की सुन्दर व मनोहारी प्रस्तुति की गयी।
अपर जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस आज प्रदेश के प्रत्येक जनपदों में मनाया जा रहा है। मुख्य थीम यह है कि लोगों को निवेश एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध हों। साईबर सुरक्षा व उन्नति पर आधारित प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा दिया जाये। जिससे लोग अधिक से अधिक उत्पादन कर अपने को सशक्त एवं मजबूत बना सकें।
उन्होंने कहा कि यूपी दिवस इसी तारीख को मनाया जाना जाता है। 24 जनवरी 1950 से पहले यह राज्य यूनाइटेड प्रॉविंस के नाम से पहचाना जाता था। 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश को उसका नाम मिला। यह 1 अप्रैल 1937 को ब्रिटिश शासन के दौरान इसे संयुक्त प्रांत आगरा और अवध के रूप में स्थापित किया गया था।
इस अवसर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबन्ध, स्लोगन, भाषण, चित्रकला, रंगोली तथा विभिन्न लोक संस्कृतियों से सम्बन्धित गीत, नृत्य, संगीत आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी, जिसमें जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आये छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। रंगोली प्रतियोगिता में सेकेण्डरी कान्वेन्ट स्कूल ओबरा की मान्या जैन व आरसी वर्गीस, क्राफ्ट प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इण्टर कालेज की परी कुमारी, निष्प्रयोज्य सामग्री से उपयोगी वस्तु बनाने की कला में राजकीय बालिका इण्टर कालेज राबर्ट्सगंज की मान्या कुमारी, कोलाज प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इण्टर कालेज राबर्ट्सगंज की अनीता कुमारी, सुलेख में जीजीआईसी ओबरा की सुधा वर्मा, स्लोगन में सरिता, भाषण में राजयकी बालिका इण्टर कालेज राबर्ट्सगंज की आंचल पाण्डेय विजयी रहीं।
वहीं वाद-विवाद में राजकीय बालिका इण्टर कालेज की काजल एवं आदर्श इण्टर कालेज राबर्ट्सगंज के सुमित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विभिन्न प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को अपर जिलाधिकारी ने स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक आरपी यादव, राजकीय बालिका इण्टर कालेज की प्रधानाचार्या रंजना शुक्ला, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, विद्यालयों के शिक्षकगण व छात्र-छात्रा काफी संख्या में उपस्थित रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.