सोनभद्र में महिला को छोड़ने व मारपीट करने पर पति व देवर पर केस दर्ज हुआ है। पीड़िता काफी लंबे समय से न्याय के लिए थाने के चक्कर काट रही थी। उसने बताया कि पहले तो प्रेम प्रसंग में शाद की। फिर पति ने छोड़ दिया। इसके बाद ससुराल जाने पर उसने व देवर ने मारपीट की। वहीं, पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्रवाई जारी है।
मामला दो-ढाई साल पहले का है। एमपी के मैहर क्षेत्र में बस से सफर के दौरान महिला की मुलाकात सोनभद्र के रेणुसागर के शिवमंदिर कॉलोनी निवासी विनोद केवट पुत्र रामदास से हुई। वह हैदराबाद की एक कंपनी में फिटर की नौकरी करता है। उस दौरान दोनों में मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ।
डेढ़ साल पहले दोनों की हुई शादी
इसके बाद धीरे-धीरे दोनों में फोन पर भी बातचीत शुरू हो गई। कुछ दिनों में दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया। डेढ़ साल पहले केवट ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। पीड़िता के मुताबिक, एक मंदिर में दोनों ने शादी रचा ली। शादी के बाद आरोपी पति उसे हैदराबाद ले गया, जहां उसे करीब डेढ़ साल तक बतौर पत्नी रखा।
ससुराल जाने पर की गई मारपीट
महिला का आरोप है कि बीती मई माह में घर लाने की बात कहते हुए उसे सतना रेलवे स्टेशन पर छोड़कर पति फरार हो गया। फिर वह ससुराल गई तो पति ने मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का कहना है कि उसे पत्नी के तौर पर रखने से मना कर दिया। उसे ससुराल से भगा दिया।
पति के छोड़ने के बाद लंबा संघर्ष करना पड़ा
इस दौरान पीड़िता को लंबे संघर्ष का सामना करना पड़ा। लगभग चार माह तक उसने अनपरा से लेकर जिला मुख्यालय तक का चक्कर लगाया। अधिकारियों के यहां पहुंचकर गुहार लगाई। कार्रवाई न किए जाने से दुखी महिला ने एक बार सोन नदी में कूदकर जान देने की भी कोशिश की थी। इस दौरान कई रातें चोपन रेलवे स्टेशन पर गुजारी।
मारपीट व प्रताड़ना पर केस दर्ज
पीड़िता ने बताया कि गुरुवार को इस मामले में अनपरा थाने में पहुंची। इसके बाद थाने से बाहर आने पर भी पति ने मारा पीटा। बेरहमी से पिटाई किए जाने के कारण उसे कई जगह चोटें भी आई। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने शुक्रवार को पीड़िता के तहरीर पर पति विनोद व देवर सुबोध पर केस दर्ज किया।
तत्काल प्रभाव से दोनों आरोपी गिरफ्तार
अनपरा थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पति व देवर पर मारपीट व प्रताड़ित करने के संबंध में धाराएं लगी हैं। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.