सोनभद्र में विढ़मगंज थाना क्षेत्र के विढ़मगंज स्टेशन के पास ट्रेन से कट कर एक महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची विढ़मगंज थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले को लेकर सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली की विढ़मगंज गेट नं 46/C/E के पास रेलवे ट्रैक पर किसी महिला का शव पड़ा है। जिसके बाद थानाध्यक्ष सब इंस्पेक्टर दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
रेल लाइन पार करने के दौरान हुआ हादसा
उन्होंने ट्रैक से महिला के शव को बरामद किया। शव के आधार पर मृतका की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं सब इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला एक हादसा लगा रहा है।
आशंका है कि रेल लाइन पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने या फिर चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महिला की उम्र लगभग 31 साल है। उसने लाल रंग की साड़ी पहनी हुई है।
फोन पर दी गई मामले की जानकारी
महिला के दोनों हाथ में गोदने का निशान है। महिला की पहचान करने के लिए पुलिस ने आसपास के गांव के लोगों से भी पूछताछ की है। किसी ने जानकारी दी की कोन थाना क्षेत्र के कुड़वा से एक महिला भी गायब है। इस संदेश में कुड़वा के ग्राम प्रधान सुजीत यादव से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि हमारे गांव से भी कल से एक महिला गायब है। जो लाल साड़ी पहनी हुई है।
दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया
वहीं ग्राम प्रधान और महिला के पति भी सूचना पाकर मौके पर आए। शिनाख्त करते हुए मृतका के पति ने बताया कि हमारी पत्नी सुलेखा देवी है। जो कल घर से कहीं चल गई थी। उसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। इनके तीन बच्चे हैं।
इनका मायका झारखंड के धुरकी थाना क्षेत्र में है। विढ़मगंज पुलिस ने पंचनामा कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा दिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.