सुल्तानपुर में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, 3 गिरफ्तार:पुलिस की गोली से 2 बदमाश घायल, रिटायर्ड बैंक कर्मी से लूटे थे 50 हजार

सुलतानपुर4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

सुल्तानपुर में बुधवार देर शाम अंतरराज्यीय बदमाशों और पुलिस से मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से जख्मी हुए हैं। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये बदमाशों के खिलाफ लूट समेत कई अन्य गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

11 नवंबर को रिटायर्ड कर्मचारी बैंक से 50 हजार रुपए निकालकर अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच पारा बाजार-बल्दीराय संपर्क मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने रुपए लूट लिया था और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे। पुलिस को इन शातिर बदमाशों की तलाश चल रही थी।

बदमाशों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग
बुधवार देर शाम बदमाशों ने बल्दीराय थाना क्षेत्र के डीह मोड़ के पास पुलिस टीम पर फायर कर दिया। आमने-सामने फायरिंग में राम नयन सिंह पुत्र मनभावन निवासी गणेशपुर थाना बाबा बाजार जिला अयोध्या और अनूप सिंह पुत्र स्वर्गीय नरेंद्र सिंह निवासी चौकिया थाना लंभुआ जिला सुल्तानपुर को गोली लगी है। इन दोनों को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल में दाखिल कराया है। तीसरे बदमाश विकास पुत्र खुशीराम निवासी अढनपुर थाना मुसाफिरखाना जिला अमेठी को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी समेत आलाधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे हैं। स्वाट टीम प्रभारी उपेंद्र सिंह और बल्दीराय थाना अध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली है। इसके पूर्व शातिर बदमाश राम नयन सिंह हरियाणा में भी आपराधिक वारदात को अंजाम दे चुका है। जिसके चलते उसे न्यायालय से सजा भी दी जा चुकी है।

एसपी बोले- जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
​​​​​​​एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि हरियाणा में हुई आपराधिक वारदात में भी बदमाश शामिल रहे हैं। वहां पर इन्हें सजा भी हो चुकी है। गिरफ्तार बदमाशों को अस्पताल भेजा गया है। विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दो को गोली लगी है। तीन गिरफ्तार हुए हैं।

खबरें और भी हैं...