उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में नगरपालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल व उनके पति अजय जायसवाल की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीजेपी विधायक विनोद सिंह ने ईओ को पत्र लिखकर अवगत कराया कि अध्यक्ष के पति अनावश्यक नगरपालिका कार्यालय में आकर पत्रावली तक का अवलोकन करते हैं। इस पर ईओ ने नगरपालिका अध्यक्ष से कहा है कि अपने पति को ऐसा करने से रोके।
सभासदों को धमकाने का लगा है आरोप
जिले के विधायक ने कहा है कि अजय जायसवाल ने पिछले साढ़े चार सालों से अपने आपको प्रतिनिधि घोषित कर रखा है। वह निरंतर नगरपालिका कार्यालय में रहकर कामकाज में अनावश्यक हस्तक्षेप करते रहते हैं। बैठकों में शामिल होकर अपनी बात रखते हैं। फिर उसके समर्थन में सभासदों को प्रभावित करने की कोशिश करना उनकी आदत का हिस्सा है। कार्यालय के कर्मचारियों को भी अध्यक्ष के रुतबे से डरा धमकाकर उनसे विधि के खिलाफ काम करवाना उनके द्वारा निरंतर जारी है। इस संदर्भ में एक पत्र और वीडियो क्लिप भी उन्होंने ईओ को दिया है।
साक्ष्य के रूप में दी वीडियो क्लिप
विधायक द्वारा दिए गए वीडियो क्लिप में अजय जायसवाल नगर पालिका कार्यालय में बैठकर शासकीय पत्रों के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। विधायक ने पत्र के माध्यम से अनुरोध किया है कि अजय जायसवाल को अवगत कराए कि अनावश्यक कार्यालय में न आए। यदि कोई आवश्यक कार्य हो तो कार्य होने के बाद तुरंत कार्यालय से चले जाएं। यदि कोई कार्य हो तो अधिशासी अधिकारी के अतिरिक्त किसी भी अन्य अधिकारी-कर्मचारी से वार्ता न करें।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.