सुल्तानपुर में दहेज लोभियों का वीडियो सामने आया है। मंगनी के मौके पर दूल्हे ने 5 लाख रुपये कैश लिये। फिर 20 अक्टूबर को बारात लेकर पहुंचे दूल्हे के बाप ने 5 लाख का चेक लिया। इसके बाद इनकी लालच और बढ़ गई। तीन माह बाद दहेज में फोर व्हीलर की डिमांड की। मांग पूरी न होने पर सुसराली जनों ने बेटी को मार डाला।
बुधवार को मृतका की मां कुड़वार थानाक्षेत्र के गंजेहड़ी निवासी सूफिया बानो पत्नी वजाहद खां कोतवाली नगर पहुंची। मुकदमे के विवेचक सीओ सिटी डॉ. राघवेंद्र चतुर्वेदी के समक्ष पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने सीओ को मंगनी के दौरान दूल्हे को दिये गये 5 लाख रुपये का वीडियो और शादी के दिन दूल्हे के पिता के नाम दिये 5 लाख के चेक सबूत में दिया।
अक्टूबर 2022 में हुई थी शादी
सूफिया बानो ने बेटी रूबी बनो का निकाह 20 अक्टूबर 2022 को कोतवाली नगर के पांचोपीरन कस्बा निवासी मो. सैफ सुत इंतजार अहमद के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से सुसराल में पति मो. सैफ, ससुर इंतजार अहमद, सास जमीला, नंद रईसा कादरी, जेठ जावेद व जैद दहेज में चार पहिया गाड़ी की मांग करने लगे। 21 जनवरी को सुबह 5 बजे सुसराल में संदिग्ध परिस्थितयों में रूबी की मौत हो गयी।
मां की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्राधिकारी नगर डॉ. राघवेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार विवेचना चल रही है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिये जायेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.