सुल्तानपुर के रेलवे स्टेशन पर आज आरक्षण केंद्र पर सैकड़ों से ज्यादा यात्री बैरंग घर लौटे। दरअस्ल रिजर्वेशन काउंटर पर सर्वर फेल हो गया। भीषण गर्मी में घंटों कतार में लगकर इतंजार करने के बाद अधिकतर यात्री निराश होकर वापस लौट गए। करीब चार घंटे बाद सर्वर आने पर काउंटर चालू किया गया।
रातभर लोग करते रहे इंतजार
जिले के रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र आज सुबह 9:00 बजे से बंद रहा। इस समय गर्मियों के अवकाश के साथ शादियों की सहालग है ऐसे में मुंबई और दिल्ली से आने वाले यात्रियों की संख्या अधिक है। जिसको लेकर टिकट की मारामारी ऐसी की रात से ही लोग टिकट काउंटर के पास जमा होने लगते हैं ताकि सुबह नंबर जल्दी आ जाए। आज जब टिकट काउंटर खुला तो सिस्टम ऑन होते ही तुरंत सर्वर फेल हो गया। नतीजा यह हुआ कि रात भर लाइन में लगाकर परेशान हुए लोग इंतजार करने लगे शायद कुछ समय में सर्वर आ जाए।
कल भी डेढ़ घंटे बंद था सर्वर
लेकिन होते-होते घंटा, दो घंटा बीता और सर्वर नहीं आया तो लोग निराश होकर घर जाने लगे। मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक सुल्तानपुर शेर मोहम्मद ने बताया आज सुबह 9:00 बजे से सर्वर खराब होने के कारण आरक्षण बंद रहा। जिसकी सूचना उन्होंने दिल्ली तक दी थी उसके बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। दिन में लगभग एक बजे सर्वर चालू हो सका। रेलवे सूत्रों की माने तो मंगलवार को भी सुबह डेढ़ घंटे तक सर्वर बंद हुआ था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.