उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में बेबी रानी मौर्य एक कर्मचारी से अपने शू कवर उतरवाती हुईं नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी पार्टियों ने बेबी रानी मौर्य पर हमला बोला है। RLD और सपा ने ट्वीट कर मंत्री को घेरा है।
इशारा करके शू कवर उतारने के लिए कहा
वीडियो में देखा जा सकता है कि मंत्री बेबी रानी मौर्य यूनिट का निरीक्षण करके बाहर आ रही हैं। तभी वो अपने पास खड़े कर्मचारी को शू कवर उतारने के लिए इशारा करती हैं। उनके इशारा करते ही कर्मचारी उनके पैर से शू कवर उतारने लगता है। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया। उसके बाद लोग मंत्री बेबी रानी मौर्य की आलोचना कर रहे हैं।
बेबी रानी मौर्य के ठाठ देखिये: RLD
RLD ने उनका वीडियो अपने ट्वीटर पेज पर शेयर किया है। साथ ही लिखा कि, 'बेबी रानी मौर्य के ठाठ देखिये, सत्ता के नशे में चूर महोदया ने उन्नाव में पुष्टाहार उत्पादन इकाई का निरीक्षण करने के बाद अपने जूते के डिस्पोजल कवर भी वहां के कर्मियों से उतरवाए।’
मंत्री महोदया मांगें माफी: सपा
मामले में समाजवादी पार्टी ने भी बेबी रानी मौर्या को घेरा है। सपा ने ट्विटर पर लिखा कि, ‘सत्ता के नशे में मगरूर हो चुके हैं हुक्मरान, उन्नाव में पुष्टाहार उत्पादन इकाई का निरीक्षण के बाद कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने अपने जूते के डिस्पोजल कवर को वहां पर मौजूद स्टाफ से निकलवाया। मंत्री महोदया आपको अपने इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए।’
उन्नाव एक कार्यक्रम में पहुंची थीं मंत्री
बता दें कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य शुक्रवार को उन्नाव पहुंची थी। वहां उन्होंने अचलगंज क्षेत्र में बनी एक यूनिट का निरीक्षण किया। यूनिट में अंदर जाने के लिए मंत्री ने पैर में शू कवर पहने हुए थे। मंत्री बेबी रानी मौर्य जब यूनिट से बाहर निकलीं तो उनके साथ आए एक कर्मचारी ने उनका शू कवर उतारा था। हालांकि, अभी शू कवर उतारने वाले कर्मचारी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है कि वो किस पद पर तैनात था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.