उन्नाव में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की पत्नी घर के बाहर बैठी थी, तभी एक युवक उनके पास पता पूछने के लिये आया। इसी बीच उनके गले में पड़ी चेन तोड़कर भाग निकला। चेन लूट की जानकारी गंगाघाट कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है।
आदर्श नगर निवासी मोहन लाल शर्मा भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष हैं। उनकी पत्नी अनीता शर्मा घर के बाहर बैठी थी, तभी एक बाइक सवार युवक आया और पुष्पेन्द्र नाम के युवक का पता पूछने लगा। जिस पर अनीता ने युवक को जानने से इंकार कर दिया। इसी बीच उसने उनके गले में पड़ी चेन तोड़ ली और भाग निकला।
महिला के शोर मचाने पर आस पास के लोग दौड़े लेकिन लुटेरा भाग निकला। चेन लूट की घटना होने पर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पाकर कोतवली प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने मौके पर जाकर पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने बताया कि आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही लुटेरों का पता लगाया जायेगा।
पूर्व में भी हो चुकी हैं चेन लूट की घटनाएं
बिंदा नगर क्षेत्र में एलआईसी एजेंट महिला और यूनियन कर्बाइड गली में रहने वाली एक महिला के साथ दिन दहाड़े चेन लूट हो चुकी है। इसके बावजूद पुलिस ने अभी तक किसी भी लुटेरों को नहीं पकड़ा है। चौकी इंचार्ज रविशंकर मिश्रा के कार्यकाल में इस क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक लूट की घटनाएं हो चुकी हैं और तमाम चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस ने ना तो मुकदमा दर्ज किया ना ही गंभीरता से जांच पड़ताल की है। तमाम प्रकार की लापरवाही अभी सामने आई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.