वाराणसी में भाजपा सरकार का साढ़े चार साल का रिपोर्ट कार्ड कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन ने पेश किया। कहा ‘ योगी सरकार में हर तरफ विकास हो रहा है, UP देश का उत्तम राज्य बनने की ओर अग्रसर है। यहां के लोगों की प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हुई है ’ जन-जन को विश्वास में लेकर सबका साथ और सबका विकास की भावना से CM के नेतृत्व में BJP लगातार जनसेवा काम कर रही है।
पहले 13 मेडिकल काॅलेज थे, अब हैं 30
आशुतोष टंडन कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आने के पहले महज 13 मेडिकल कॉलेज थे। अब साढ़े चार साल के कार्यकाल में 30 मेडिकिल कॉलेज या तो शुरू हो गए हैं या फिर निर्माणाधीन हैं। प्रदेश के 59 जिलों में न्यूनतम एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की सोच के साथ काम किया जा रहा है। शेष 16 जिलों में PPP मॉडल पर मेडिकल कॉलेज बनाने का प्रस्ताव है।
साढ़े चार साल में 40 हजार सरकारी स्कूलों का कायाकल्प किया गया। 8 नई स्टेट यूनिवर्सिटी और 51 नए सरकारी कॉलेज खोले गए। इसी तरह से 26 पॉलीटेक्निक, 28 इंजीनियरिंग कॉलेज, 78 आईटीआई और 250 इंटर कॉलेज खोले गए। चार लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी गई।
अपराध और अपराधी के प्रति कोई ढिलाई नहीं
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने अपराध और अपराधियों को लेकर सख्ती दिखानी शुरू की। साढ़े चार साल में 11,864 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हुई। गैंगेस्टर एक्ट में 44,759 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई हुई, जिसमें 630 अभियुक्तों पर रासुका की। नतीजतन, उत्तर प्रदेश की छवि देश और दुनिया में बदली। अपहरण उद्योग और माफियाराज खत्म हो गया। इसके अलावा फसलों की पैदावार से लगायत हर क्षेत्र में हम निरंतर उन्नति कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश देश का एक ऐसा राज्य है जहां पात्र लाभार्थियों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। भ्रष्टाचार के लिए कहीं जगह नहीं रह गई। सुरक्षित माहौल बनने की वजह से लगातार निवेश हो रहा है। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे। आज किसान, नौजवान, व्यापारी, महिलाएं और बुजुर्ग सभी प्रदेश सरकार के कामकाज से खुश हैं। उत्तर प्रदेश की यह विकास यात्रा निरंतर जारी रहेगी और अभी हमें आगे भी बहुत कुछ हासिल करना है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.