हिमालय के निचले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे पूर्वांचल समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड अब तेजी से बढ़ेगी। वाराणसी में कल से हल्के-फुल्के बादल छाए हुए हैं। वहीं इसकी वजह से कल पूरे दिन धूप फीकी रही और तापमान में गिरावट देखी गई। आज भी वाराणसी में धूप निकली हुई है मगर आसमान में काफी ऊंचाई पर बादल भी बरकरार है, जिसके आगे सूर्य की गर्मी बेबस नजर आ रही है। आज बारिश जैसी स्थिति तो नहीं बन रही है, मगर हवा में नमी 87% तक दर्ज की गई है। इसके साथ ही 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल रही है। इसके अलावा सुबह के दौरान हल्का फॉग भी वातावरण में दिखाई दिया। इसकी वजह से विजिबिलिटी 500 मीटर पर चली गई।
वाराणसी में बीती रात न्यूनतम तापमान 10.5°C गया, जो कि सामान्य तापमान के बराबर था। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 1°C कम 26.5°C दर्ज किया गया। आज वाराणसी का औसत तापमान 16°C है। हवा बहुत धीरे बह रही है। मगर पश्चिमी विक्षोभ के आने से हवा की गति भी बढ़ सकती है।
2 दिन तक वाराणसी में हल्के बादल
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले 2 दिन तक वाराणसी में हल्के बादल भी छाए रहेंगे। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। वहीं आज हिमालय समेत पश्चिमी यूपी के इलाकों में बारिश हो सकती है। हिमालय में बर्फबारी भी शुरू हो गई है। इसकी वजह से पूर्वाचंल समेत पूरे मैदानी इलाकों में ठंड काफी बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं अब पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी पहाड़ों पर देखा जाएगा। इससे पंजाब से बंगाल तक ठंड का असर देखा जाएगा।
हवा की क्वालिटी फिर से खराब
वाराणसी की हवा में प्रदूषण का स्तर 2 दिन से बढ़ रहा है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बुधवार के मुकाबले आज 22 अंक बढ़कर 223 अंक पर गया है। बुधवार को AQI 201 और मंगलवार को 142 अंक पर था। प्रदूषण बढ़ने से बनारस की हवा 2 दिन में 'मॉडरेट' से 'खराब' की कटेगरी में आ चुकी है। वहीं आज वाराणसी के मलदहिया इलाके में आज हवा सबसे खराब रही। यहां का AQI 269 अंक दर्ज किया गया। इसके बाद 242 अंक की AQI के साथ अर्दली बाजार दूसरे स्थान पर रहा। वहीं AQI 214 अंक के साथ भेलूपुर तीसरे और AQI 167 अंक के साथ BHU आज का सबसे कम प्रदूषित इलाका रहा। वाराणसी की हवा में PM2.5 कणों (धुआं) की मात्रा सबसे अधिक 331 अंक रही। वहीं, PM10 कण 253 अंक रहा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.