वाराणसी में ठंड अब तेज हो गई है। बीती रात न्यूनतम तापमान सामान्य से 4°C कम 13°C पर आ गया। इससे पहले शुक्रवार को पिछले 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए न्यूनतम तापमान 14°C दर्ज किया गया था। अब नया रिकॉर्ड 13°C का बन चुका है। अक्टूबर महीने में इतनी ठंड कभी महसूस नहीं की गई थी। फ्रिज का पानी और रात में पंखे तो लोगों ने अब बंद ही कर दिया है। वहीं शाम होते-होते हाफ स्वेटर और जैकेट पहनते लोग देखे जा रहे हैं।
सुबह धूप ने दी सिहरन भरी ठंड से राहत
आज सुबह से वाराणसी में तेज धूप निकली है, जो सिहरन भरी ठंड से थोड़ी राहत दे रही है। सुबह का औसत तापमान 19°C तक गया। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 31°C पर पहुंच गया था। यह सामान्य तापमान से 1 डिग्री कम ही है। इसके साथ ही 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवा भी चल रही है।
हवा में नमी 80% के आसपास बनी है। रह-रहकर हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे भी हो जा रही है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुमान के मुताबिक, अब दिन का भी पारा नीचे गिरेगा। अगले 2 दिन में अधिकतम तापमान 3-4°C कम होगा। ठंड को देखते हुए लोग अब बाजार में गरम कपड़ों की खरीदारी में जुट गए हैं।
एकाएक बढ़ सकती है ठंड
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ठंड अब एकाएक बढ़ सकती है। हिमालय के निचले इलाके में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ भी जल्द ही शुरू होगा। इसके आते ही समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में होगा। अब लोगों को अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने की खासा जरूरत है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच यानि कि दिन और रात में तापमान का गैप बढ़ता ही जा रहा है। यह लोगों को बीमार कर सकता है। सर्दी, बुखार, खांसी, सिरदर्द और लूज मोशन जैसी समस्याएं इस बीच बढ़ी भी हैं। इसलिए लोगों को सलाह है कि ठंडा पानी और रात में पंखे का इस्तेमाल न करें।
AQI 84 अंक पर
आज वाराणसी की हवा फिर से प्रदेश में सबसे बेहतर हो गई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स में आज सुबह AQI 84 अंक दर्ज किया गया। जबकि राज्य के दूसरे सभी बड़े शहरों में AQI का लेवल 200 अंक को भी पार कर गया है। वाराणसी के शहरी इलाकों में सबसे साफ हवा भेलूपुर (AQI 79 अंक) की रही। इसके बाद मलदहिया 80 अंक, BHU 83 अंक और अर्दली बाजार में AQI 92 अंक तक गया। वाराणसी की हवा में सबसे मुख्य प्रदूषक के तौर पर PM2.5 कणों की मौजूदगी रही। इसका अधिकतम स्कोर 122 दर्ज किया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.