आज वाराणसी की हवा वापस 'खराब' से 'मॉडरेट' की कटेगरी में आ गई है। आज का एयर क्वालिटी इंडेक्स 147 अंक रिकॉर्ड किया गया। जबकि रविवार को AQI 216 अंक तक दर्ज किया गया था। आज प्रदूषण में 59 अंकों की कमी आई है, जो कि काशीवासियों के राहत की बात है। वाराणसी का सबसे दूषित हवा वाला क्षेत्र मलदहिया रहा। यहां पर AQI 177 अंक तक गया। वहीं अर्दली बाजार दूसरा सबसे प्रदूषित इलाका रहा जहां का AQI 148 अंक गया। इसके बाद भेलूपुर में AQI 136 अंक और BHU में AQI 127 अंक तक दर्ज किया गया। आज वाराणसी की हवा में मुख्य प्रदूषक तत्व PM2.5 का स्तर 278 अंक दर्ज किया गया।
औसत तापमान 20 पर
वाराणसी में दिनोदिन बढ़ रहे ठंड में थोड़ी कमी आई है। पिछले दिनों गिरता तापमान फिर से बढ़ गया है। आज सुबह से ही वाराणसी में धूप निकली हुई है। धुंध होने के कारण यह धूप कुछ देर बाद दिखाई दी। आज वाराणसी का औसत तापमान 20°C तक दर्ज किया गया। जबकि कल यह तापमान 18 पर था। वहीं बीते दिन वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 1°C ज्यादा 28°C तो वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 3°C कम 14°C तक रिकॉर्ड किया गया।
चक्रवात से कम हुई ठंड
ठंड कम होने के पीछे वजह उड़ीसा के चक्रवात को माना जा रहा है। इस कारण से पश्चिमी विक्षोभ का असर काफी कम हो गया है। वहीं ठंडी हवा भी नहीं चल पा रही है। इस समय वाराणसी की हवा में नमी 85% तक बनी हुई है। जबकि हवा बिल्कुल शांत है। इसके साथ ही आजकल सुबह धुंध के साथ ही कोहरा भी दिख रहा है।
मौसम आएगा एकाएक बदलाव
मौसम विज्ञान विभाग के अनुमानों पर गौर करें तो वाराणसी के तापमान में तेजी से गिरावट आने की कोई उम्मीद 3-4 दिन तक नहीं दिख रही है। वहीं काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार चक्रवात का असर कम हाेते ही वाराणसी में अचानक से ठंड बढ़ जाएगी। हिमालयी क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से बर्फबारी हो रही थी जो कि काफी हद तक थम सी गई है। मौसम में बदलाव अचानक से देखने को मिलेगा। वहीं दिल्ली में भी मौसम में नमी बनी हुई है, जिससे ठंड कम है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.