चौबेपुर थाना क्षेत्र के छित्तमपुर गांव में बुधवार की रात चौबेपुर थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने एक गरीब बेटी की शादी धूमधाम करवाई है। इस शादी की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर चल रही है। लोग थानाध्यक्ष के इस सराहनीय कार्य की खूब तारीफ कर रहे हैं। वहीं बेटी के परिजनों में खुशी का माहौल है।
जानकारी अनुसार छित्तमपुर गांव निवासी लोकनाथ चौबे की बेटी प्रिया चौबे की शादी थाना क्षेत्र के ही अजांव गांव के रमाकांत उपाध्याय के बेटे आशीष उपाध्याय के संग तय थी। बेटी के बाप की आर्थिक हालत खराब होने के कारण शादी के दो दिन पहले पूरा परिवार परेशान होकर गांव के समाजसेवी रिंकू चौबे से आपबीती बताई। रिंकू ने इसकी जानकारी थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी को दी। उसके बाद थानाध्यक्ष अपने सहयोगियों के साथ लड़की के घर पहुंचे और परिवार की हालत देखकर भावुक हो गए। उसके बाद मदद की जगह उन्होंने शादी धूमधाम से अपने और अपने सहयोगियों के सहयोग से करवाने की योजना बना लिया।
उन्होंने 300 बारातियों के भोजन, नाश्ता, पंडाल की व्यवस्था करने के साथ ही वर व वधू को उपहार में लड़की को सोने और चांदी के गहनों के अलावा सभी गृहस्थी के सामान खरीद कर लड़की के घर लेकर पहुंचे। बुधवार की रात में वर पक्ष की ओर से भाजपा के वरिष्ठ नेता नवेंदु प्रकाश उपाध्याय बारात का लेकर पहुंचे तभी थानाध्यक्ष सहित थाने के उपनिरीक्षकों के अलावा महिला उपनिरीक्षक और कांस्टेबल ने वर पक्ष को माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद 5 ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ द्वारचार की रस्म अदायगी की गई।
द्वार चार पर बेटी के बाप की भूमिका भी थानाध्यक्ष ने निभाई। इसके बाद जयमाल पर डॉ.सोमकांत उपाध्याय, स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष प्रदीप सेठ राजू, समाजसेवी धर्मवीर गुप्ता सहित कई प्रमुख लोगों ने वर वधू को आशीर्वाद दिया। इसके बाद थानाध्यक्ष ने धर्म की बेटी का विधिवत कन्यादान अपने मातहतों संग दिया। वधू के बड़ी बहनों का रस्म उपनिरीक्षक नीतू श्रीवास्तव, कांस्टेबल सरस्वती तिवारी ने दूल्हे का जुता चुराई का भी रस्म पूरा किया। दुल्हन की विदाई 15 मई को की जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.