इंस्पायरिंग:मैदान कोई भी हो, जीवन की चुनौतियां वहीं दिखेंगी और उनसे जूझना ही होगा - महेंद्र सिंह धोनी

2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
  • धोनी इन दिनों नए मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। उनके प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म का काम शुरू हुआ है, नई चुनौतियों को लेकर वो क्या सोचते हैं, उनकी एक पुरानी स्पीच से जानिए...

‘मैं समझता हूं बचपन बेहद खास होता है। जिंदगी की नींव इसी समय पड़ती है। बचपन में जो आप सीखते हैं, उसे जिंदगी भर साथ लेकर चलते हैं। आपको जिंदगी में बोरिंग होने की आवश्यकता नहीं है। मस्तीखोर बनें, शैतानी करें... लेकिन आपको अपनी हद पता होना चाहिए। दायरे में रहकर आप जो मन हो वह करें। मैं कहना चाहता हूं कि जिंदगी में सबकुछ एंजॉय करें। खूब पढ़ें, खूब खेलें, पैरेंट्स की बात सुनें। बड़ों को प्यार और सम्मान दें, छोटों की इज्जत करें और उनके साथ मस्ती करें। कई लोग अपने बुरे समय को कोसते हैं, लेकिन यही वो वक्त होता है जो जिंदगी को रोचक बनाता है। अगर जिंदगी में सब सरल रहेगा तो आपको मजा नहीं आएगा। हर परिस्थिति में खुश रहने की कोशिश करें और हर लम्हे से प्यार करें। पढ़ाई खास है, लेकिन खेल भी खास है। फिट रहना जिंदगी भर जरूरी है। अगर आप समझदार हैं, पढ़ाई में भी अच्छे हैं, लेकिन फिट नहीं हैं, तो जिंदगी का आनंद कैसे लेंगे? टॉप एथलीट बनने की जरूरत नहीं है, लेकिन फिटनेस का सामान्य स्तर बना रहना चाहिए। फोन पर कम वक्त बिताएं, एक आउटडोर गेम जरूर खेलें। जब आप मैदान में होते हैं तो जीना सीखते हैं। जीवन की चुनौतियां वहीं दिखेंगी। खेल के दौरान अक्सर झगड़े होते हैं, उनसे कैसे बचना है, यह आप मैदान में ही सीखेंगे। अगर कभी मैदान में किसी ने मुझ पर हाथ उठाया भी, तो मैंने बात करके मसला सुलझाने की कोशिश की है। दुनिया की हर समस्या बातचीत से सुलझाई जा सकती है। अगर मैं किसी को रोकने की कोशिश कर रहा हूं और वो नहीं थम रहा है, तो मैं ऐसे इंसान से दूरी बनाना पसंद करूंगा। फिर भी वो मुझ पर हावी होने की कोशिश करेगा तो मुझे अपना बचाव आता है।

अपनी गलतियों से सबक लें, उन्हें दोहराएं नहीं
- मैं हमेशा लम्हों में जीता हूं, ना भविष्य के लिए, ना ही भूत में।
- बुरे हालात ही हमें सिखाते हैं, उनसे भागना नहीं चाहिए।
- परिणाम से भी ज्यादा महत्वपूर्ण प्रक्रिया होती है।
- जो हुआ सो हुआ, गलती से सीखिए, उसे दोहराइए मत।
- हमेशा जीतते रहेंगे तो कभी नहीं जान पाएंगे कि कमजोरी कहां हैं।

स्कूल में अगर आपको कोई परेशान करे तो पहले टीचर को बताएं, पैरेंट्स तो डर जाएंगे। टीचर मदद करेंगे। टीचर कुछ न करें तो जरूर पैरेंट्स को बताएं। बल्कि सबसे पहले दोस्त को बताएं।
जिंदगी आसान नहीं है, हर हालात के लिए आपको तैयार रहना है। जो इंसान आपको परेशान कर रहा है, दरअसल उसको मदद की जरूरत है क्योंकि उसे जरूर कोई परेशानी है। सही और गलत समझने में उसे ही आपकी मदद की जरूरत होगी। अगर आप उसकी मदद करेंगे तो आपके लिए हालात हर हाल में जीत वाले होंगे। (2017 के एक इवेंट में बच्चों से बात करते पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी। धोनी इन दिनों अपने प्रोडक्शन की पहली फिल्म के अनाउंसमेंट के कारण चर्चा में हैं।)

खबरें और भी हैं...