- एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें ऑटो वाले ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी को पीटते हुए नजर आ रहे हैं
- एक आरोपी सोनू कांबले पर इससे पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज है
नागपुर. बुधवार को गणेशपेठ बस स्टैंड पर ऑटो चालकों एक एक गुट ने दो ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबलों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों ट्रैफिक कर्मी बुरी तरह से घायल हो गए। आज इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें ऑटो वाले ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी को पीटते हुए नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें
दो आरोपी हुए गिरफ्तार: इस हमले में प्रकाश सोनवणे और किशोर धपके नाम के ट्रैफिक पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। इनमे से धपके गंभीर रूप से जख्मी है। इस मामले में गणेशपेठ पुलिस ने ऑटो चालक मयूर राजुरकर और सोनू कांबले को गिरफ्तार किया है। सोनू कांबले पर इससे पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज है और जानकारी के अनुसार वह अपराधी प्रवृत्ति का है।
ऐसे शुरू हुआ विवाद: गणेशपेठ में ऑटो चालकों द्वारा बीच सड़क पर गाड़ी रोककर सवारियां बिठाई जाती है। जिसके कारण रोजाना यहां से आने-जाने वाले लोगों को ट्रैफिक की दिक्कतों का सामना करना पडता है। अनेक वाहन भी यहां नियमों को ताक पर रखकर पार्क किए जाते है। इसी के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस कर्मी किशोर धपके और प्रकाश सोनवणे राहुल डीलक्स होटल के सामने चालान काटने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान उनका विवाद ऑटो चालक मयूर और सोनू कांबले से हुआ और नौबत मारपीट तक पहुंच गई।
आरोपियों ने पत्थर से भी किया हमला: आरोप है कि दोनों ऑटो ड्राइवरों ने पुलिसकर्मी पर पत्थर से हमला किया। उन्होंने एक पुलिस कर्मी की वर्दी भी फाड़ दी।आरोपियों ने पुलिस के वाहन पर भी पत्थर मारे। इस घटना के बाद गणेश पेठ पुलिस ने दोनों ऑटो चालक आरोपियों को गिरफ्तार किया है।