पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
मुंबई. महाराष्ट्र में अब तक कोरोनावायरस के 11 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। तेजी से फैल रहे वायरस के डर से सरकार अब आईपीएल मैच बिना दर्शकों के कराने का मन बना रही है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट 29 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इसे लेकर बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि स्टेडियम में आईपीएल मैच बगैर दर्शकों के कराया जाए। ऐसी स्थिति में लोग स्टेडियम में मैच देखने की बजाय टीवी पर देख सकते हैं। हालांकि, अभी इस पर फैसला होना बाकी है।
कोरोनावायरस को वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने महामारी घोषित कर दिया है। महाराष्ट्र में अब तक मुंबई में 2, सबसे ज्यादा पुणे में 8 और नागपुर में 1 पॉजिटिव केस पाया गया है। कोरोनावायरस के संदेह में मुंबई में 18, पुणे में 15, नासिक में 2 और नागपुर में 3 को आइसोलेटेड वार्ड में रखा गया है। देश में 48 घंटों में कोरोनावायरस के 15 नए मरीज सामने आए हैं।
दुबई लौटे दंपती में मिले लक्षण
बीएमसी स्वास्थ्य विभाग के अडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर सुरेश काकानी ने बताया कि मंगलवार को जिन 6 लोगों को कस्तूरबा में भर्ती कराया गया, उनमें से 2 की रिपोर्ट पॉजिटिव है। जिन दो लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, वे उपनगर से हैं। दोनों पति-पत्नी और सीनियर सिटिजन हैं। वे उन्हीं 40 लोगों में से हैं, जो हाल ही में दुबई से लौटे थे। शुरुआती जांच के मुताबिक, जिन लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है, वे पुणे कपल के क्लोज कॉन्टैक्ट में थे। काकानी ने कहा कि पुणे में पुष्ट मामले आने के बाद हमने कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू की, जिसके बाद मुंबई के 6 लोगों को अस्पताल में मंगलवार को भर्ती किया। इन 6 लोगों में से दो लोगों में बीमारी की पुष्टि हुई है, जबकि 4 की रिपोर्ट निगेटिव है। बाकी के चार लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।
कोरोना का यहां पड़ा असर
अस्पतालों में रिजर्व बेड
रेलवे अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि कुल क्षमता के 10 प्रतिशत बेड संक्रमित रोगियों के लिए रिजर्व रखे जाएं। पश्चिम रेलवे ने सभी डिविजन में कुल 75 बेड और मुंबई के जगजीवन राम अस्पताल में 30 बेड संक्रमण के संदेहजनक व्यक्तियों के लिए आरक्षित रखे हैं। मध्य रेलवे ने भायखला और कल्याण के अस्पताल में 48 बेड तैयार रखे हैं।
सरकार के साथ विपक्ष: फडणवीस
विधानसभा में विरोधी दल के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कोरोना से निपटने में विपक्ष राज्य सरकार की पूरी तरह से मदद करेगा। उन्होंने कहा कि वायरस को लेकर चिंतित होने की जरूरत नहीं है। बस, कोरोना के मद्देनजर सबको सतर्क रहना चाहिए, लेकिन इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने की भी जरूरत है कि तनाव उत्पन्न न हो।
कर्नाटक में एक संदिग्ध की मौत
कर्नाटक के कलबुर्गी में कोरोना के एक संदिग्ध की मौत हो गई। वह सऊदी से लौटे थे। अगर उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तो यह देश में इस बीमारी से मौत का पहला मामला होगा। वहीं, केरल में इस वायरस से संक्रमित 85 साल की बुजुर्ग महिला की स्थिति नाजुक है। महिला के 96 साल के कोरोना पीड़ित पति की हालत स्थिर है। सबसे ज्यादा 18 मामले राजस्थान से हैं।
120 देश चपेट में, तुर्की भी पहुंचा
दुनिया के 120 देश कोरोनावायरस की चपेट में हैं। बीमारी के अब तक 1.19 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं, 4300 लोग मारे जा चुके हैं। तुर्की में इसका पहला मामला मिला तो इंडोनेशिया में पहली मौत बुधवार को दर्ज की गई।







Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.