पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

गैंगस्टर प्रसाद पुजारी की मां इंदिरा पुजारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, गिरोह को सदस्यों तक वित्तीय मदद देने का है आरोप

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कई महीनों से गिरोह को वित्तीय मदद देने का आरोप इंदिरा पर है-फाइल फोटो - Dainik Bhaskar
कई महीनों से गिरोह को वित्तीय मदद देने का आरोप इंदिरा पर है-फाइल फोटो
  • माना जा रहा है कि प्रसाद इस समय हांग कांग में छिपा हुआ है
  • इंदिरा ने सागर के एक खाते में बीते साल दिसंबर में 50,000 रुपए जमा कराए थे

मुंबई. शहर में वसूली का गिरोह चलाने में बेटे की मदद करने के आरोप में क्राइम ब्रांच टीम ने गैंगस्टर प्रसाद पुजारी की मां इंदिरा पुजारी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। 62 साल की इंदिरा पुजारी पर गिरोह के सदस्यों को बेटे प्रसाद पुजारी के कहने पर वित्तीय मदद देने का भी आरोप है। माना जा रहा है कि प्रसाद इस समय हांग कांग में छिपा हुआ है। उसकी मां का पकड़ा जाना पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।


क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने जांच में पता लगाया कि इंदिरा पुजारी ने प्रसाद पुजारी के लिए काम करने वाले एक गुर्गे सागर मिश्रा के खाते में नकद रकम जमा कराई। सागर मिश्रा को विक्रोली में शिवसेना नेता चंद्रकांत जाधव पर फायरिंग से जुड़े केस में गिरफ्तार किया गया था। इंदिरा ने सागर के एक खाते में बीते साल दिसंबर में 50,000 रुपए जमा कराए थे।

ऐसे प्रसाद पुजारी की मां तक पहुंची पुलिस
डीसीपी अकबर पठान ने बताया, 'इस साल जनवरी में एक डेवेलपर को धमकाने के आरोप में प्रसाद पुजारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुजारी उससे दस लाख रुपए मांग रहा था। मुंबई पुलिस के एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने तब जाल बिछाकर रीयल एस्टेट ब्रोकर सुनील अंगाने को गिरफ्तार किया। 56 वर्षीय अंगाने तब विक्रोली में डेवेलपर के दफ्तर में वसूली की रकम लेने के लिए गया था।  एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने अंगाने और पुजारी के खिलाफ तब मकोका लगाया था।'


क्राइम ब्रांच की यूनिट 7 की ओर से साथ ही की जा रही जांच से पता लगाया कि पुजारी की मां इंदिरा और चचेरे भाई सुकेश कुमार ने मंगलुरू की एक एटीएम मशीन के जरिए अंगाने के बैंक खाते में 25,000 रुपए जमा कराए थे। इसके बाद पुलिस टीम को मंगलुरू से सुकेश कुमार को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली। कुमार ने अपने बयान में बताया कि इंदिरा ने उसे पैसे देकर अंगाने के बैंक खाते में जमा कराने के लिए कहा था। इंदिरा तब कुमार के साथ एटीएम तक भी गई थी। डीसीपी पठान के मुताबिक एटीएम की सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद पुलिस ने इंदिरा की तलाश शुरू की।

मीरा रोड से हुई इंदिरा की गिरफ्तारी
क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर संतोष रस्तोगी ने बताया, 'हमने उसे (इंदिरा) मीरा रोड पर उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया। इसके बाद वसूली के गिरोह का पता चला जो उसके बेटे प्रसाद पुजारी की ओर से चलाया जा रहा था. वो गिरोह के सदस्यों को पैसे से मदद दे रही थी इसलिए गिरोह को चलाने से जुड़ी अहम कड़ी थी।'


रस्तोगी ने बताया, 'हमने केस को लेकर मुंबई, मध्य प्रदेश और दिल्ली से 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, इनमें मिश्रा भी शामिल है जो प्रसाद पुजारी के संपर्क में था और जिसने शिवसेना के नेता की हत्या की सुपारी ली थी। वह इस मामले में मकोका के आरोप में जेल में हैं।'

एक दशक पहले देश से भाग गया था पुजारी
टैगोर नगर का रहने वाला पुजारी एक दशक पहले देश छोड़कर भाग गया था। पुजारी पूर्वी मुंबई में बिल्डर्स और कारोबारियों का निशाना बनाता रहा है। वो खास तौर पर विक्रोली और टैगोर नगर से गिरोह का संचालन करता रहा है।