पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पुणे. शहर से सटे जिले पिंपरी चिंचवाड़ में भी कोरोना वायरस के तीन मरीज मिले हैं। पांच संदिग्ध मरीजों को मंगलवार को महानगर पालिका के वाईसीएम हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। इनकी जांच के सैंपल पुणे एनआईवी लैब में भेजे गए थे, जिसमें से तीन मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। ऐसे में महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से पीड़ितों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
पुणे की बात करें तो यहां एक अन्य मरीज के बारे में गुरुवार को पता चला। अब तक पुणे और पिंपरी के 9 मरीजों में यह वायरस पाया गया है। सभी का नायडू हॉस्पिटल में इलाज जारी है। वहीं मुंबई में 2 और नागपुर में 1 मामला इससे जुड़ा सामने आया है।
31 मरीजों का लिया जा रहा फॉलोअप
मनपा के अतिरिक्त मुख्य स्वास्थ्य व चिकित्सा अधिकारी डॉ पवन सालवे ने इसकी पुष्टि की है। मनपा स्वास्थ्य विभाग की ओर से चीन व दूसरे देशों से आये पिंपरी चिंचवड़ शहर के 31 यात्रियों का फालोअप लिया जा रहा है। 20 यात्रियों के फॉलोअप के 15 दिन पूरे हो चुके हैं। जबकि पांच संदिग्ध मरीजों का इलाज चल रहा था।
शहर में आपदा प्रबंधन शिष्टाचार कानून लागू
पुणे में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से पूरे जिले में आपदा प्रबंधन शिष्टाचार कानून लागू कर दिया गया है। इसका अनुपालन सभी शहरवासियों को करना जरूरी व अनिवार्य है। कोरोना के मरीजों के लिए मनपा के वाईसीएम हॉस्पिटल में महिला व पुरुष मरीजों के लिए 5-5 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यहां दो वेंटिलेटर भी अलग से उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही भोसरी में मनपा के नए अस्पताल में 40 बेड्स का करोनो आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। शहर के 7 अन्य निजी अस्पतालों में 48 आइसोलेशन बेड्स और 7 वेंटिलेटर तैयार रखे गए हैं।
डॉक्टरों से मांगी गई रिपोर्ट
कोरोना के बारे में जानकारी देने के लिए अतिरिक्त चिकित्सा अधिकारी, महिला चिकित्सा अधिकारी, सभी अस्पतालों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को समन्वयक के तौर पर नियुक्त किया गया है। मनपा की ओर से निजी डॉक्टरों व उनके संगठनों को आगाह किया गया है कि 6 फरवरी को जिन देशों में कोरोना का संक्रमण फैला, उन देशों से आये मरीजों के बारे में मनपा को ईमेल के जरिए सूचित करें।




Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.