विदिशा टोल नाके के पास फिर हादसा, 1 की मौत
अशोकनगर| विदिशा रोड टोल नाके के पास हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे। एक बार फिर इस मार्ग पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि 4 लोग गंभीर घायल हो गए। दो अन्य घटनाओं में 5 लोगों को भी गंभीर चोट आई हैं जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
भूरा पुत्र राम सिंह आदिवासी 18 साल अपने भतीजे हरपाल पुत्र हरिराम आदिवासी 12 साल और भाई गिर्राज पुत्र राम सिंह आदिवासी के साथ बाइक से मामा के घर से लौट रहे थे। गिर्राज बाइक चला रहा था। चेन सिंह पुत्र दौलत सिंह कुशवाह 20 साल ग्राम भर्रोली अपनी बहन के घर से टीका लगवाकर लौट रहा था। हरिओम भी था। तभी विदिशा रोड पेट्रोल पंप से कुछ दूरी पर दोनों की बाइक आमने सामने से टकरा गई। भूरा की मौत हो गई। जबकि 4 लोग गंभीर घायल हो गए, जिनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उल्लेखनीय है कि विदिशा रोड नाके के पास पूर्व में भी बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। इस मार्ग पर साल भर में 10 से 12 लोग जान गवां चुके हैं। जबकि यह सड़क बिल्कुल सीधी है।
दो अलग-अलग घटनाओं में 5 घायल : रजनेश पुत्र सरनाम, रोहित पुत्र सेवाराम जो अपनी बहन के घर छत्तरपुर ईसागढ़ से लौट रहे थे। तभी रिलायंस पेट्रोल पंप के अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मार दी। शाढ़ौरा से आ रही 108 के चालक प्रमोद गौड ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। शिवराज पुत्र छोटेलाल 30 साल, रामबाबू पुत्र छोटेलाल केवट 35 साल निवासी फुटेरा गुना जा रहे थे। गुना दुर्गा कॉलोनी निवासी विवेक पुत्र राजेश रजक 20 साल गुना से बाइक से आ रहा था। दोनों की बाइक शाढ़ौरा रेलवे क्रॉसिंग पर टकरा गई। तीनों घायलों को 108 से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।