- Hindi News
- National
- Ashoknagar News Mp News Corona Concerns In Karila Awareness Created From 200 Banner Posters 20 Bed Isolation Ward Created
करीला में कोरोना की चिंता : 200 बैनर पोस्टर से जागरूकता, 20 बिस्तर का आइसोलेशन वार्ड बनाया
रंग पंचमी पर करीला में शनिवार काे करीला में लगेगा मेला, एसपी ने किया निरीक्षण
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए करीला में इस बार स्वास्थ्य विभाग को अतिरिक्त तैयारियां करना पड़ रही है। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को जागरुक करने 200 बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। वहीं 20 बिस्तर का आइसोलेशन वार्ड दो दिन पहले ही तैयार हो चुका है। मेले के दौरान जहां 24 घंटे पैरामेडिकल स्टाफ सहित डॉक्टर मौजूद रहेंगे।
रंगपंचमी के करीला मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की जागरुकता के लिए जहां पिछले साल स्वीप प्लान के अंतर्गत मतदान जागरुकता के लिए 1 किमी लंबा बैनर लगाया गया था। वहीं इस वर्ष भी जागरुकता के लिए 200 बैनर, पोस्टर लगाने में परिश्रम और राशि खर्च की जा रही है। इस बार मेला में भीड़ नियंत्रण के अलावा कोरोना वायरस संक्रमण सबसे बड़ी चिंता है।
एक तरफ जहां देश भर में कोरोना वायरस को लेकर भीड़ जुड़ने वाले कार्यक्रम निरस्त हो रहे हैं वहीं करीला में एक ही दिन में 20 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
इस बार मेले में भीड़ नियंत्रण के अलावा कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव की सबसे बड़ी चिंता, सुरक्षा के लिए बाहर से आया फोर्स करीला मेले में पहुंचने लगा
एसपी बोले- टीआई साहब, पहले मां के दर्शन कर लें यहीं लगाएंगी नैया पार
अशोकनगर एसपी रघुवंश भदौरिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने करीला पहुंचे। जहां उन्होंने निरीक्षण से पहले मां जानकी के दरबार में दर्शन किए। दर्शन से पहले अपने जूते उतारते हुए मजाकिया लहजे में वहां मौजूद बहादुरपुर टीआई नरेन्द्र सिंह को कहा कि टीआई साहब पहले दर्शन इनके कर लो, यहीं लगाएंगी नैया पार। इस दौरान उन्होंने मेला स्थल पर पार्किंग, सेक्टर चौकियां सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पहले दिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
वैसे तो रंगपंचमी के मौके पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। लेकिन मेले से एक दिन पहले हर साल की तरह लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना आयोजन समिति को है। प्रशासन को सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। मंदिर परिसर से दोनों तरफ पार्किंग करीब डेढ़ से दो किमी दूर बनाई हैं।
शाम से करीला में पहुंचने लगा पुलिस फोर्स
शुक्रवार की शाम से रविवार की शाम तक चलने वाले मेला की सुरक्षा के लिए बाहर से पुलिस बल का आना शुरू हो गया है। गुरुवार की शाम ग्वालियर सहित अन्य जिलों का पुलिस बल करीला पहुंचा। वहीं जिला मुख्यालय पर भी बाहर से आए बल को कई स्थानों पर रुकवाया गया है।
दोनों सड़कें पहले से बेहतर, पांच किमी खराब
करीला पहुंच मार्ग की हालत में पिछले साल से सुधार हुआ है। बेलई करीला मार्ग पर दंगलया नाले तक सीसी रोड बन चुकी है। इसके बाद करीब 5 किमी का टुकड़ा पहले ही तरह है। जबकि वीआईपी रोड पर मोला डेम से 3 किमी दूरी तक सड़क निर्माण हो चुका है। जबकि बचे हिस्से में बारिक चूरी बिछी है। हालाकि इस रोड पर दुपहिया वाहन चालकों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।