- Hindi News
- National
- Ashoknagar News Mp News Did Not Come From China So 20 To 30 Expensive Sold Pitchers
चायना से नहीं आईं, इसलिए 20 से 30% महंगी बिकी पिचकारियां
इस बार बच्चों की होली फीकी रहने की उम्मीद है। वजह है कोरोना के चलते चायना से आने वाली पिचकारियों की कमी। बाजार में नए आकर्षक पिचकारियां नहीं आने पर मेड इन इंडिया के दाम 20 से 30 फीसदी तक महंगे हो गए। यहीं वजह है कि इस वर्ष होली के एक दिन पहले भी रंगों की दुकानों पर कलर फीका नजर आया। हरे, लाल रंग की तुलना में इस बार गुलाल की बाजार में डिमांड अधिक रही।
रंग गुलाल के पर्व होली आज खेली जाएगी। भले ही इस बार पिचकारियों के आकर्षक और नई डिजाइन नहीं आने पर उनकी बिक्री कम रहीं लेकिन बच्चों के मनपंसद इस त्योहार के लिए गुलाल, अबीर की खरीदी दिन भर होती रही। हालाकि बच्चे इस बार पक्के रंग से परहेज करते हुए दिखाई दिए। पिचकारियों के दुकानदार राकेश जैन ने बताया कि इस वर्ष पिचकारियों की बिक्री पिछले साल की तुलना में 20 प्रतिशत ही रही। हालाकि उन्होंने बताया कि इस वजह से रंगों की अपेक्षा गुलाल की बिक्री अधिक रही।
35 स्थानों पर जली होली- शहर में 35 स्थानों पर होली दहन हुआ। गांधी पार्क, पुराना बाजार, इंदिरा पार्क सहित अन्य मुख्य स्थानों पर रात को होली जली। शहर की सबसे पुरानी होली भी पारंपरिक तरीके से लंबरदार परिवार ने जलाई।
पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, ड्रोन से रखी नजर
होली का पर्व भाईचारा और शांति के साथ मने इसके लिए शहर में 12 स्थाई पाइंट लगाए गए हैं। वहीं शाम को पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च करते हुए ड्रोन कैमरों के माध्यम से शहर पर नजर रखी। एसपी रघुवंश भदौरिया ने बताया कि पुलिस के वाहन लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। इसके अलावा उन्होंने लोगों से शांति और सदभाव से त्योहार मनाने की अपील की है। इस दौरान शराबियों, तीन सवारी वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
होली पर्व के लिए दुकानों पर रंग-गुलाल और पिचकारी खरीदते बच्चे।