- Hindi News
- National
- Piprai News Mp News Non Payment Halted Sehrai Plateau And Sehrai Singarda Road Work
भुगतान नहीं होने से रुका सेहराई-पठारी और सेहराई सिंगारदा सड़क का काम
8 किमी का अतिरिक्त चक्कर काटकर सेहराई पहुंचकर रहे चार गांव के 100-150 छात्र-छात्राएं
रहवासी बोले-बारिश से पहले पूरा हो सड़क का काम
पठारी के मुन्नालोधी, डॉ. कैलाश लोधी, पूर्व सरपंच फूलन सिंह लोधी, कन्हई राम लोधी, बजावन गांव के कैलाश सिंह, चंद्राज सिंह, कनेरा के सनमान सिंह, देवरछी के जनपद सदस्य जितेंद्र सिंह, पठारी चक्क के अर्जुन सिंह, कुलवंत आदि ने कहा है कि सेहराई-पठारी और सेहराई सिंगारदा सड़क का काम बारिश के पहले पूरा हो जाना चाहिए।
सेहराई | भुगतान नहीं होने के कारण पिछले 15 दिन से सेहराई से पठारी और सेहराई से सिंगारदा रोड का काम बंद पड़ा है। इससे इस रोड से गुजरने वाले वाहन चालकों को धूल के उड़ते गुबारों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क पर गिट्टी और मुरम पड़ी होने के कारण सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है।
परेशानी से बचने के लिए सेहराई-पठारी रोड पर पड़ने वाले पठारी, चक्क पठारी, बजावन, देवरछी, कर्रा टांका, कनेरा आदि गांव के करीब 150 छात्र-छात्राओं को चार किमी की जगह 8 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाकर खिरिया होकर सेहराई आना पड़ रहा है। इससे लोगों का समय के साथ पैसा भी व्यर्थ बर्बाद हो रहा है।
इस संबंध में सब इंजीनियर संतोष शुक्ला बताया कि शासन ने पिछले बिलों का भुगतान नहीं किया है। इस कारण ठेकेदार ने यह कार्य रोक दिया है। जैसे ही शासन द्वारा किए गए काम के बिलों का भुगतान किया जाएगा वैसे ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अभी निर्माण एजेंसी द्वारा पिपरई से भटोली रोड का काम कराया जा रहा है। इसका काम पूरा होने के बाद पठारी और सिंगारदा रोड का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बारिश से पहले पठारी और सिंगारदा रोड का काम पूरा हो जाएगा। इसी प्रकार सिंगारदा रोड पर अभी अर्थवर्क का काम किया जा रहा है।
सड़क पर डाली जा रही गिट्टी: सब इंजीनियर श्री शुक्ला ने बताया कि अभी एक-दो पुलियाओं को छोड़कर अन्य पुलियाओं का काम हो चुका है। अभी सड़क पर गिट़्टी बिछाई जा चुकी है। गिट्टी की कुटाई का काम अभी नहीं हुआ है। इस कारण दोपहिया वाहनों व पैदल यात्रियों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।