- Hindi News
- National
- Ashoknagar News Mp News The Contractor Did Not Repair The Culvert Filled The Soil In The Pits And Put Indicator Boards On Both Sides
ठेकेदार ने पुलिया की नहीं की मरम्मत, गड्ढों में मिट्टी भरकर दोनों तरफ लगाए संकेतक बोर्ड
मेले के समय बारिश हुई तो अस्थाई पुलिया से होगी वाहनों को निकलने में परेशानी
बंगलाचौराहे से करीला जाने वाले मुख्य मार्ग पर इकोदिया गांव पर बनी कोंचानदी की पुलिया मेले के समय वाहन चालकों की परेशानी का कारण बनेगी। मेले के पहले करीला मेले की व्यवस्थाओं को लेकर हुई बैठकों में कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को करीला रोड के निर्माण और रोड पर सभी पुलियाओं के नवनिर्माण के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी भी अधिकारियों और ठेकेदार की मनमानी के चलते अभी तक इकोदिया गांव पर बनी पुलिया का निर्माण नहीं हुआ और न ही पुलिया की मरम्मत की गई।
पिछले साल हुई जोरदार बारिश में इकोदिया गांव पर कौंचानदी की पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। बारिश गुजरने से 5 महीने बाद भी प्रशासन ने पुलिया की मरम्मत नहीं की। कलेक्टर के निर्देश पर बंगलाचौराहा से बामोरी शाला तक बनने वाली सड़क का काम तो ठेकेदार ने पूरा कर दिया है। लेकिन कौंचानदी की क्षतिग्रस्त पुलिया की ठेकेदार ने सही तरीके से मरम्मत नहीं की है। इससे मेले के समय करीला पहुंचने वाले हजारों वाहनों को यहां से गुजरते समय हादसे का डर रहेगा।
पुलिया पर डाली मिट्टी
बारिश के कारण पुलिया की दोनों तरफ की दीवार बह गई थी। ठेकेदार ने पुलिया की मरम्मत करते हुए बह गई दीवार को न बनाते हुए क्षतिग्रस्त पुलिया में मिट्टी भर दी। इसके बाद क्षतिग्रस्त पुलिया के दोनों तरफ सांकेतिक चिन्ह लगा दिया। इससे मेले के समय जब रात को हजारों वाहनों का आना होगा उस समय वाहन चालक की जरा सी लापरवाही पर गंभीर हादसा हो सकता है।
पुलिया के दोनों किनारों पर लगने चाहिए बेरिकेड्स
रहवासियों के अनुसार नियमानुसार क्षतिग्रस्त के दोनों तरफ प्रशासन को बेरिकेड्स लगाना चाहिए। इसके अलावा पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्से पर मिट्टी से भर ड्रम रखवाना चाहिए जिन पर सफेद रंग से पुताई की जाए। इससे यह बेरिकेड्स और ड्रम दूर से दिखाई देने पर वाहन चालक यहां से निकलते समय सतर्क हो जाएं।
मेले की व्यवस्थाओं को लेकर हुई बैठक में कलेक्टर ने दिए थे व्यवस्था सुधारने के निर्देश
मिट्टी से किया अस्थाई पुलिया का निर्माण
ठेकेदार ने इकोदिया गांव की पुलिया के पास बनाई गई अस्थाई पुलिया का निर्माण मिट्टी डालकर किया है। पुलिया के लिए डाली गई मिट्टी अभी से ही नदी में भरे पानी के लिए गलने लगी है। वही मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश होने की संभावना जताई है। यदि करीला मेले के समय बारिश हो जाती है तो अस्थाई पुलिया से वाहनों का निकलना मुश्किल होगा। ऐसे में एक ही पुलिया पर हजारों वाहनों के आने-जाने का भार होने मेले के समय जाम की समस्या का सामना वाहन चालकों को करना पड़ेगा।
बंगलाचौराहा-बामोरीशाला मार्ग से मेले के दाैरान निकलते हैं हजारों वाहन
तीन दिवसीय रंगपंचमी मेले के समय बंगलाचौराहा-बामोरीशाला मार्ग से मुंगावली, चंदेरी, ललितपुर, झांसी, बीना, सागर, मालथोन, ईसागढ़ आदि क्षेत्रों से हजारों वाहन निकलते हैं। पुलिया की सही तरीके से मरम्मत नहीं होने के कारण वाहन चालकों को मेले के समय परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
कौंचानदी की पुलिया पर बनाए गए अस्थाई मार्ग की मिट्टी पानी के कारण गलती हुई।
इकोदिया गांव पर कौंचानदी की पुलिया पर मरम्मत के नाम पर डाली मिट्टी और लगाए संकेतक चिन्ह।