- Hindi News
- National
- Ashoknagar News Mp News Tribal Women Were Welcomed By Wearing Saris And Garlands Elderly Women Gave Proof To The Stage Before Climbing
आदिवासी महिलाओं को साड़ी और माला पहनाकर स्वागत किया, बुजुर्ग महिलाओं ने चढ़ने से पहले किया मंच को प्रमाण
महिला दिवस पर कार्यक्रम में हेल्थ कैंप में महिलाओं का किया निशुल्क उपचार
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नगर पालिका ने माधव भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंच पर पीएम आवास, मुख्यमंत्री आवास मिशन, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने वाली महिलाओं को आमंत्रित कर उन्हें मंच पर विराजित किया गया। इस दौरान मंच पर बैठी महिलाओं का माल्यार्पण और पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती पूजन से हुआ। नपा के सहायक यंत्री अरुण नामदेव ने समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके महत्व व वर्तमान में महिलाओं द्वारा समाज में दिए जा रहे योगदान की जानकारी दी। कार्यक्रम में दिल्ली में हुए कार्यक्रम में मप्र का प्रतिनिधित्व करने वाली महिला द्रोपदी बाई अहिरवार भी शामिल हुए।
चाइना से आने वाले रंगों का उपयोग नहीं करने की ली शपथ: कार्यक्रम में पूरी दुनिया में फैल रहे कोरोना वायरस को लेकर चर्चा की गई। सभी ने चाइना से आने वाले रंग और गुलाल का उपयोग नहीं करने की शपथ ली। होलिका दलन में भी गाय के गोबर से बनी लकड़ी और कंडों का उपयोग करने की बात कही। संचालन शिवांग त्रिपाठी और उपयंत्री अंबक पाराशर ने किया। इस मौके पर नपा सीएमओ शमशाद पठान सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और नपा कर्मचारी उपस्थित थे।
महिला दिवस पर संघर्षशील महिलाओं का किया सम्मान
मुंगावली | महिला दिवस पर इंडियन किड्स स्कूल में पंजाबी महिला समिति ने डिवाइन मदर, टॉक शो, सेल्फ डिफेंस शो, चेयर रेस आदि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान गरीब वर्ग की संघर्षशील महिलाएं जो मेहनत मजदूरी कर अपना पालन पोषण करती हैं उनका सम्मान किया गया। इस दौरान चेयर रेस, डलिया में गेंद डालने आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाली महिलाओं को पुरस्कार वितरित किए गए। डिवाइन मदर पर बरखा अरोरा व हेमा पालीवाल ने महिलाओं को अपनी सुरक्षा कैसे करनी चाहिए इस बारे मे बताया। टॉक शो में माधुरी सुमन और अन्य महिलाओं ने बताया कि कैसे कैसे संघर्ष कर आगे बडी हैं। प्रथम पुरस्कार कहकशा लखनवी, द्वितीय सुनीता जैन व तृतीय प्रियंका यादव ने जीता। समिति की ओर से सभी उपस्थित महिलाओं का उत्साह वर्धन कर स्वल्पाहार कराया। पंजाबी महिला समाज की अध्यक्ष बरखा अरोरा ने सभी का आभार माना।
प्रतीक चिन्ह देकर महिलाओं का किया सम्मान
अशोकनगर|अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर श्री कृष्ण संस्थान महिला समिति ने कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष बाईसाहब यादव थी। विशिष्ट अतिथि जपं अध्यक्ष चंदा यादव, श्याम कुंवर यादव, कमलेश यादव, डॉ. अनुराधा यादव थीं। कार्यक्रम में संस्थान की अध्यक्ष आनंद यादव ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में सभी महिलाओं ने चाइना से आने वाले रंग और गुलाल का उपयोग नहीं करने की शपथ ली
महिला दिवस पर निकाली जागरूकता रैली
मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर पीएलवी ने महिला दिवस पर जागरुकता रैली रेलवे स्टेशन पर निकाली। इस अवसर पर अपर जिला न्यायाधीश राजेंद्र सिंह ठाकुर, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वीरेंद्र कुमार चढ़ार ने भारतीय संविधान की उद्देशिका एवं भारतीय संविधान में समाहित मौलिक कर्तव्य का वाचन कराया। 100 से अधिक पैरालीगल वालंटियर्स ने महिला अधिकारों एवं महिलाओं के प्रति उपबंधित मौलिक अधिकारों की जानकारी दी। रैली गांधी पार्क पर समापन हुआ।
हेल्थ कैंप में किया 38 महिलाओं का चेकअप
नवकार सेवा संस्थान की सदस्यों ने महिला दिवस पर आकांक्षा क्लिनिक पर हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। कैंप में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. दिप्ती सुराना ने महिलाओं का परीक्षण किया। इस दौरान 38 महिलाओं और बालिकाओं का चेकअप किया गया। डॉ. सुनारा ने हेल्थ के प्रति जागरुक रहने और कोरोना वायरस से बचने के उपाय बताए। एसआई मंजू मखनिया, कांस्टेबल कृष्णा जाटव, ने बालिकाओं को पढ़ने के लिए जागरुक किया। और अपनी सुरक्षा किस प्रकार करना चाहिए इसके बारे में बताया।
महिला दिवस पर ग्राम सभा का आयोजन : सेहराई | ग्राम पंचायत में महिला दिवस पर महिला ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता सरपंच शांतिबाई ने की। इसमें पीसीओ माहोर, सचिव तारा सिंह, सहायक सचिव मुकेश मार्कन मौजूद थे।
अशोकनगर| अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सहेली क्षेत्रीय स्तरीय महिला मंडल ने आदिवासी बस्ती गोरा घाट में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता मंडल की अध्यक्ष नैना शर्मा ने की। इस दौरान महिलाओं को साड़ी, फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान चंपा आदिवासी, बबरो आदिवासी, रेखा आदिवासी, कमला आदिवासी, गुड्डी आदिवासी, अनीता आदिवासी, विंध्या आदिवासी आदि का स्वागत किया गया। महिलाओं को महिला दिवस मनाने के उद़्देश्य की जानकारी दी। श्रीमती शर्मा ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर साधना शर्मा, राजकुमारी नायक, सुधा, मीरा कुशवाह, रोशनी राय, सीमा जाटव, गीता जाटव, ममता केवट आदि महिलाएं मौजूद थीं।
नपा ने महिलाओं को मंच पर किया सम्मानित।