- Hindi News
- National
- Betul News Mp News 110 Lakhs For Buying A House Of One Thousand Square Feet Stamp Duty Will Be Levied First 74 Thousand Rupees Was Only
एक हजार वर्गफीट का घर खरीदने पर 1.10 लाख रु. स्टाम्प ड्यूटी लगेगी, पहले 74 हजार रु. ही थी
जिले में जमीन की गाइड लाइन नहीं बढ़ाए जाने की सूचना से लोग खुश हुए ही थे कि प्रदेश शासन ने बने- बनाए पक्की छत वाले मकान के दाम अाैर रजिस्ट्री महंगी कर दी है। दरअसल अब 1 अप्रैल से 288 रुपए 10 पैसे प्रति वर्गफीट ज्यादा वैल्यूवेशन आंकी जाएगी। इस तरह यदि आप एक हजार वर्गफीट के पक्के मकान की छत की रजिस्ट्री करवाते हैं तो अब आपको पहले की तुलना में 36 हजार रुपए ज्यादा स्टांप शुल्क चुकाना पड़ेगा। यानी अारसीसी का वैल्यूवेशन का रेट बढ़ रहा है।
वर्तमान में नगरीय क्षेत्र में किसी मकान की कीमत का वैल्यूवेशन 594 रुपए 80 पैसे प्रति वर्गफीट हिसाब से किया जाता है। जाे बढ़कर 882 रुपए 90 पैसे प्रति वर्गफीट के हाे जाएगा। इस तरह एक हजार वर्गफीट की छत वाले मकान का सौदा करने पर अब तक रजिस्ट्री का 74 हजार 350 रुपए का स्टांप शुल्क लगता था। जाे 1 अप्रैल से 12.5 प्रतिशत स्टांप शुल्क के हिसाब से 1 लाख 10 हजार 362 रुपए लगेगा।
बढ़ा भार : नपा क्षेत्र में अब ज्यादा चुकाना होगा सीमेंट-कांक्रीट के घर की रजिस्ट्री का शुल्क
इस तरह आएगा अंतर
{वर्तमान में नगरीय क्षेत्र में किसी मकान की छत की कीमत का आंकलन 594 रुपए 80 पैसे प्रति वर्गफीट हिसाब से किया जाता है।
{इस तरह एक हजार वर्गफीट की छत वाले मकान का सौदा करने पर अब तक रजिस्ट्री का 12.5 प्रतिशत के हिसाब से 74 हजार 350 रुपए का स्टांप शुल्क लगता था।
{अब 1 अप्रैल से एक हजार वर्गफीट के मकान की छत की रजिस्ट्री होती है तो 882 रुपए 90 पैसे प्रति वर्गफीट के हिसाब से होगी।
{इस तरह इसके सौदे पर 12.5 प्रतिशत स्टांप शुल्क के हिसाब से 1 लाख 10 हजार 362 रुपए का स्टांप शुल्क लगेगा।
{शहर के किसी भी हिस्से में छत के दाम का केलकुलेशन यही रहेगा, इसमें जमीन के दाम का गाइडलाइन के हिसाब से अलग से मूल्य जोड़ा जाएगा।
कॉलोनाइजर्स बढ़ाएंगे दाम, लोगों से वसूलेंगे
शहरी क्षेत्र में बहुमंजिला इमारत बनाने वाले बिल्डर्स अपने भवनों के दाम बढ़ा देंगे। वे इसकी वसूली आम लोगों से ही करेंगे। इस तरह पहले से बैतूल में बेहद महंगे बिक रहे फ्लैट और मकान अब और महंगे होने के आसार हैं। इसी तरह पुराने मकानों की खरीदी- बिक्री भी बैतूल में जमकर होती है। बड़ी- बड़ी कॉलोनियों में भी फ्लैट के दाम महंगे करके लोगों से ही इसकी भरपाई करवाई जाएगी।
दाम बढ़ाने का निर्णय प्रदेश शासन ने लिया है
- राजीव सोरते, उपपंजीयक, बैतूल
दुकान अाैर गाेदामाें के रेट्स भी बढ़ेंगे
उपपंजीयक राजीव सोरते ने बताया कि शासन की ओर से सीमेंट- कांक्रीट मकान की छत के दाम का वैल्यूवेशन बढ़ाया है। इस तरह छत का मूल्य अब अधिक लगाया जाएगा। इससे बने बनाए मकान की रजिस्ट्री थोड़ी महंगी पड़ेगी। इसी तरह दुकान और गोदाम के रेट्स भी बढ़ेंगे पूरे प्रदेश में ये दाम बढ़ाए जा रहे हैं, प्रदेश शासन की ओर से ही यह निर्णय लिया गया है।
इस साल नहीं बढ़े थे जमीन के दाम (गाइडलाइन)
इस साल उपमूल्यांकन समितियों और जिला मूल्यांकन समिति ने जमीन के दाम (गाइडलाइन) नहीं बढ़ाने और पुरानी को यथावत रखने का निर्णय लिया था। यह प्रस्ताव राज्य मूल्यांकन समिति को भेजा है। 9 दावे आपत्तियां भी जमीन के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर आई हैं लेकिन जमीन के दाम नहीं बढ़ाने का निर्णय ही यथावत रखा जा रहा है। इससे लोग राहत महसूस कर रहे थे, लेकिन अब सीमेंट-कांक्रीट छत की रजिस्ट्री महंगी होने से बने-बनाए मकानों के सौदे करने में रजिस्ट्री शुल्क ज्यादा लगेगा। पूरे शहर के किसी भी हिस्से में केलकुलेशन यही रहेगा।