- Hindi News
- National
- Multai News Mp News Hardauli Dam Contractors Were Closing The Drain By Putting Garbage Ee Reprimanded
हरदौली डैम: ठेकाकर्मी कचरा डालकर बंद कर रहे थे नाला, ईई ने लगाई फटकार
नगर पालिका हरदौली जल आवर्धन योजना के तहत डैम निर्माण का कार्य कर रही है। निर्माण कार्य धीमी गति से होने के चलते नगर पालिका ठेकेदार को लगातार नोटिस भी दे रही है। इसके बाद भी कार्य में गति नहीं आ रही है। सोमवार को जल संसाधन विभाग और नपा के तकनीकी अधिकारी निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान कार्य की गति धीमी देखकर अधिकारियों ने ठेकेदार के कर्मचारियों को फटकार लगाई। अधिकारियों ने कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं नाले की सफाई कर उसे मिट्टी डालकर बंद किया जाना था, लेकिन ठेकेदार के कर्मचारी नाले में कचरा गंदगी डालकर पाट रहे थे। यह देखकर अधिकारी ने डांट लगाते हुए नाला साफ कर मिट्टी से बंद करने को कहा।
नगर की पेयजल समस्या के स्थाई निदान के लिए हरदौली जल आवर्धन योजना के तहत डैम का निर्माण किया जा रहा है। डैम गुणवत्ता पूर्वक बने इसके लिए नगर पालिका लगातार जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से मार्गदर्शन ले रही है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री जीपी सिलावट, एसडीओ सीएल मरकाम, नपा सीएमओ राहुल शर्मा और उपयंत्री धीरेंद्र राठौर ने निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान नाला क्लोजर का काम किया जा रहा था। नाला बंद करने वेस्ट मटेरियल सहित अन्य सामग्री पड़ी हुई थी। इसके बाद भी सफाई नहीं की थी। एसडीओ मरकाम ने नाला क्षेत्र की अच्छी तरह से सफाई करने के बाद ही काम करने के निर्देश दिए। इसके साथ डैम के ड्राइंग डिजाइन के अनुसार ही निर्माण करने को कहा। जीपी सिलावट ने कार्य की प्रगति के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस साल बारिश का पानी रोका जाएगा डैम में
हरदौली डैम में इस साल बारिश का पानी रूक सके इसके लिए ठेकेदार को तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ राहुल शर्मा ने बताया ठेकेदार को 31 मई तक निर्माण पूर्ण करने को कहा है। निर्माण कार्य तेजी से हो इसके लिए डैम स्थल पर मशीनें बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है। वर्तमान में बोल्डर टो, फिल्टर का काम पूर्ण हुआ है। अर्थवर्क और पिचिंग का काम होना शेष है।
मई तक हरदौली डैम का काम पूरा करने के आदेश
मुलताई। हरदौली डैम निर्माण स्थल पर जायजा लेते हुए अधिकारी।
फिल्टर प्लांट, दो पेयजल टंकी, पाइप लाइन बिछाने सहित अन्य कार्य होना है
सीएमओ राहुल शर्मा ने बताया हरदौली जल आवर्धन योजना के तहत डैम और पीएचई घटक का कार्य होना है। पीएचई घटक के तहत फिल्टर प्लांट, दो पेयजल टंकी, पाइप लाइन बिछाने सहित अन्य कार्य होना है। पीएचई घटक का ठेका निरस्त कर दोबारा टेंडर निकाले गए थे। टेंडर खुल गए है। राज्य स्तरीय तकनीकी समिति को प्राप्त दर के अनुमोदन के लिए भेजा है। अनुमोदन होते ही पीएचई घटक के तहत होने वाले सभी निर्माण कार्य तेजी से किए जाएगे।
नगरवासी कर रहे जल आवर्धन योजना पूरा होने का इंतजार
नगर की पेयजल समस्या के स्थाई निदान के लिए हरदौली जल आवर्धन योजना का कार्य पूरा होने का नगरवासी इंतजार कर रहे हैं। योजना स्वीकृत होने के बाद से बार- बार अवरोध आ रहे थे। योजना के तहत राशि स्वीकृत हुई लेकिन डीपीआर में डैम निर्माण के लिए अधिग्रहित होने वाली जमीन के एवज में दिया जाने वाले मुआवजे का प्रावधान नहीं था। जिससे डैम का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। इस स्थिति में मुआवजे के लिए अलग से राशि स्वीकृत कराई गई। इसके बाद ठेकेदार द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही थी। जिससे नपा ने डैम निर्माण का ठेका निरस्त कर दिया था।