- Hindi News
- National
- Amla News Mp News Kanji House Is Not Running Nap Campaigning To Catch Stray Cattle
कांजी हाउस जर्जर, आवारा मवेशियों को पकड़ने अभियान नहीं चला रही नपा
क्षेत्र के लोग सूअर तथा आवारा मवेशियों से बेहद परेशान हैं। लोगों की शिकायतों पर नगर पालिका केवल पत्राचार कर खानापूर्ति कर रही है। जबकि जमीनी हकीकत ये है कि नपा के पत्राचार से पशु मालिकों पर कोई असर है, ना ही कोई व्यवस्था बन पा रही है। इस बात को लेकर नागरिकों में नाराजगी है। नपा का कांजी हाउस भी जर्जर हो चुका है।
नगर के विभिन्न वार्डों में सूअरों का आतंक बढ़ रहा है। लक्ष्मीबाई वार्ड निवासी रोमी बिलगए, जितेंद्रसिंह सिकरवार आदि ने बताया गोविंद काॅलोनी के साकरे काॅलोनी क्षेत्र में पूरे समय गलियों में सूअर घूमते रहते हैं। ये सूअर लोगों के घरों में भी घुस रहे हैं। इनसे अब लोगों को संक्रामक रोगों के खतरे का अंदेशा होने लगा है। नागरिकों का कहना है कि इस बारे में पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई है। यह हालात नगर के अन्य वार्डों में भी सामने आ रहे हैं। इधर किसान बेनी पवार, ओमकार टिकारे आदि ने बताया नगर पालिका सीमा के आस-पास के किसानों की फसलें भी सुअर चट कर रहे हैं। इस कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस मामले मे वन विभाग सहित नपा के अधिकारियों को लिखित शिकायतें दीं। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
आवारा मवेशियों की नहीं हो रही धरपकड़ : न्यू मार्केट व्यापारी संघ अध्यक्ष अजयसिंह ठाकुर, बल्लू देशमुख, राजू साहू आदि के अनुसार आवारा मवेशियों का जमघट नगर की मुख्य सड़कों पर पूरे समय लगा रहता है। कई बार आवारा मवेशी आपस मे लड़कर दुकानदारों को नुकसान पहुंचाते हैं तो कई मामलों में इन मवेशियों के कारण लोग चोटिल हो जाते हैं। जबकि सड़क से नहीं हटने के कारण मालिक प्रेशर हाॅर्न का भी उपयोग करते हैं। इससे भी नागरिक खासे परेशान रहते हैं। इस मामले में व्यापारी संघ पदाधिकारी नपा और पुलिस को भी शिकायतें भी कर चुके हैं।
नपा के पास नही कांजी हाउस
नगर पालिका के पास आवारा मवेशियों की धरपकड़ के लिए न तो विशेषज्ञ अमला है और न ही कांजी हाउस। इस कारण नपा इस काम को अंजाम देन में लंबे समय से लापरवाही बरत रही है। नपा के अधिकारी केवल पत्राचार कर खानापूर्ति कर रहे हैं। नपा के सफाई विभाग प्रभारी महेश माहोरिया के अनुसार कांजी हाउस नहीं होने से राजस्व विभाग से निर्माण के लिए जगह मांगी है, लेकिन जगह नहीं मिलने से निर्माण नहीं हुआ है। नगर पालिका आमला द्वारा अभी तक गोशाला का निर्माण भी नहीं किया गया है। नपा ने आस-पास की गोशाला में संपर्क किया, लेकिन वहां क्षमता के अनुसार पहले से मवेशी हैं। इससे यह कार्रवाई रुकी हुई है।
नोटिस देना जारी है
- बीएल पवार, प्रभारी सीएमओ
आमला। जर्जर हालात में है कांजी हाउस।