- Hindi News
- National
- Multai News Mp News Movement Of Heavy Vehicles Is Not Stopping From The Middle Of The City Demand For Action
नगर के मध्य से नहीं रुक रही भारी वाहनों की आवाजाही, कार्रवाई की मांग
नगर के मध्य से गुजरने वाले मुख्य मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बाद भी नगर के मध्य से भारी वाहन गुजर रहे हैं। जिससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की भी आशंका बनी रहती है। सबसे अधिक परेशानी रविवार और गुरुवार साप्ताहिक बाजार के दिन होती है। नगरवासियों ने प्रतिबंध के बाद भी नगर के मध्य से भारी वाहन ले जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मध्य से गुजरने वाला मार्ग संकरा है। मार्ग के किनारे दुकानें भी संचालित होती हैं। जिससे दिनभर मुख्य मार्ग पर लोगों की भीड़ रहती है। भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना का भी खतरा रहता है। इन सबके देखते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी सीएल चनाप ने मप्र मोटरयान नियम 1994 नियम और दंडप्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए भारी वजन वाले वाहनों के आवागमन को सुबह 8 से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित किया है। वाहनों को रोकने के लिए मासोद रोड तिराहा और बैरियर नाके के पास बैरियर भी बनाया है। वाहन ड्राइवरों की सूचना के लिए फ्लैक्स भी चस्पा किए हैं। इसके बाद भी दिनभर मुख्य मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही हो रही है। नगरवासी रामदास देशमुख, चिंटू खन्ना, अजय यादव आदि ने बताया प्रतिबंध लगाने के बाद भी नगर के मध्य से भारी वाहन गुजर रहे हैं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। टीआई मनोजसिंह ने कहा नगर के मध्य से भारी वाहन ले जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
मुलताई। नगर के मध्य से भारी वाहनों के गुजरने से होती है परेशानी।