- Hindi News
- National
- Betul News Mp News Opposition To Garha Dam 35 Farmers Made A Gradual Hunger Strike In The Day 18 Sat At Night
गढ़ा डैम का विरोध : दिन में 35 किसानों ने की क्रमिक भूख हड़ताल, रात में 18 बैठे
डैम की जगह बैराज और चार गुना मुआवजा की है मांग
गढ़ा डैम का विरोध कर रहे किसानों द्वारा अब तक ज्ञापन, विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम करने के बाद भी शासन ने कोई राहत नहीं दी है। इस कारण किसानों ने अब भूख हड़ताल की राह चुनी है। गुरुवार से डूब क्षेत्र के किसान क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए। पुराने कलेक्टोरेट कार्यालय के सामने पंडाल लगाकर किसानों ने भूख हड़ताल शुरू की। दिन में 35 किसान भूख हड़ताल पर रहे। रात में 18 किसान डटे रहेंगे।
गढ़ा बांध के डूब क्षेत्र में आने वाले कोदारोटी, मंडईबुजुर्ग, हिवरखेड़ी, मालापुर, गढ़ा, पाढर, डोक्या, देवगांव, डूडाबोरगांव के किसानों ने पुराने कलेक्टोरेट के सामने भाजपा नेता प्रवीण गुगनानी के नेतृत्व में क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की। किसानों का कहना है जब तक शासन द्वारा हमारी मांगे नहीं मानी जाएगी, तब तक हड़ताल जारी रही। गुरुवार को धरना स्थल पर भाजपा नेता राजा ठाकुर, पूर्व विधायक शिवप्रसाद राठौर ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों की हड़ताल का समर्थन किया। किसानों का कहना है कि डैम की जगह बैराज बनाया जाए ताकि सिंचित जमीन डूब में ना जाए। यदि डैम बनेगा तो उन्हें चार गुना मुआवजा मिलना चाहिए। धरना स्थल पर शाम को एसडीएम राजीव रंजन पांडे ने पहुंचकर किसानों का ज्ञापन लिया। इस दौरान पूर्व सांसद सुभाष आहुजा, भीम धोटे, राजसिंग परिहार, प्रताप यादव, मधु यादव, मोहन मालवीय तथा कृष्णा यादव मौजूद थे।
डूब क्षेत्र के किसानों ने 6 मार्च को बैतूल- इंदौर हाईवे पर कोदारोटी जोड़ पर चक्काजाम किया था। पुलिस ने इस मामले में किसानों पर प्रकरण भी दर्ज किए हैं। इसका विरोध किसानों द्वारा किया जा रहा है। किसानों का कहना है किसानों पर दर्ज किए प्रकरण वापस लिए जाए।
बैतूल। मांग को लेकर धरने पर बैठे किसान।