कैंसर की जांच कर सिखाए स्वस्थ रहने के गुर
मुलताई| सरकारी अस्पताल परिसर में रविवार को महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में बच्चेदानी कैंसर, स्तन कैंसर सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई। अस्पताल में लगे निशुल्क जांच शिविर में सुबह से ही महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। नागपुर के डॉक्टर शशिकांत रघुवंशी ने शिविर में आई महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर स्वस्थ रहने के गुर बताए। डॉ. रघुवंशी ने बच्चेदानी कैंसर, स्तन कैंसर के लक्षण के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की समझाइश दी। डॉ. पल्लव अमृतफले ने बताया शिविर में 60 महिलाओं की जांच की। शिविर में पैप स्मीयर और कॉल्पोस्कोपी जैसी एडवांस कैंसर डिटेक्शन टेस्ट का लाभ भी महिलाओं को उपलब्ध कराया।