- Hindi News
- National
- Multai News Mp News Tubewells Started Drying Up Water Transport Started Handling Water
सूखने लगे ट्यूबवेल, जलसंकट से निपटने शुरू हुआ पानी का परिवहन
नगर में धीरे-धीरे जल संकट गहराने लगा है। नगर पालिका के ट्यूबवेलों का जल स्तर तेजी से कम होने लगा है। जिससे जल प्रदाय व्यवस्था बिगड़ने लगी है। जल प्रदाय के लिए नगर पालिका के टैंकरों से पानी जुटाया जा रहा है। इसके अलावा निजी टैंकरों से भी पानी खरीदना पड़ रहा है। ट्यूबवेलों का कम होता जल स्तर देखते हुए एक सप्ताह बाद जल प्रदाय की स्थिति और गंभीर हो जाएगी।
नगर की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से ट्यूबवेलों पर निर्भर है। इस साल बारिश अच्छी होने से ट्यूबवेलों ने फरवरी महीने में भी साथ दिया। अब जल स्तर कम होने से जल संकट की आहट आना शुरू हो गई है। नगर में जल प्रदाय की शिफ्ट अधिक होने से 15 वार्डों में रोजाना पानी देना संभव नहीं है। ऐसे में नपा बारिश में भी एक दिन के अंतराल में जल प्रदाय करती थी। अब पानी की कमी को देखते हुए दो दिन के अंतराल में जल प्रदाय किया जा रहा है। दो दिन के अंतराल में जल प्रदाय करने के लिए नगर पालिका को रोजाना 11 लाख लीटर पानी की आवश्यकता होती है। वर्तमान में ट्यूबवेलों से मात्र आठ लाख लीटर ही पानी प्राप्त हो रहा है। जिससे अब नगर पालिका टैंकरों से पानी लाकर संग्रहित कर रही है।
6 ट्यूबवेल सूखे, 2 दे रहे एक इंच पानी
नगर सीमा में स्थित 32 ट्यूबवेलों में से 6 ट्यूबवेल से पानी मिलना बंद हो गया है। इसके अलावा दो ट्यूबवेल एक इंच पानी दे रहे हैं। अन्य ट्यूबवेल डेढ़ से दो इंच पानी दे रहे हैं। गजानन मंदिर, सिविल लाइन, हाईस्कूल मैदान, राम नगर क्षेत्र में स्थित 2 ट्यूबवेल और गढ़ेकर कंपाउंड में स्थित ट्यूबवेल सूख गए हैं। पटेल वार्ड में स्थित दो ट्यूबवेलों का जल स्तर कम हो गया है।
जल संकट से निपटने तैयार है कार्य योजना
रितेश यादव, उपयंत्री, नगर पालिका
जलप्रदाय का समय भी बिगड़ा
दो दिन के अंतराल में जल प्रदाय होने के बाद भी सप्लाई का कोई समय नहीं रह गया है। सांडिया की सीमा क्षेत्र में स्थित ट्यूबवेलों से सबसे अधिक पानी मिल रहा है। सांडिया में बिजली सप्लाई बंद होने पर व्यवस्था बिगड़ जाती है। जिससे वार्डों में जलप्रदाय भी प्रभावित हो जाता है। एक बार बिजली गुल होने पर देर रात तक जलप्रदाय किया जाता है।
निजी टैंकर से खरीद रहे राेजाना 50 हजार लीटर पानी
नगर पालिका परिषद के टैंकरों से रोजाना 1 लाख 70 हजार लीटर पानी सांडिया से लाया जा रहा है। टैंकर से पानी लाकर सिविल लाइन, भगतसिंह और रामनगर में स्थित टांके में संग्रहित कर सप्लाई की जाती है। इसके अलावा निजी टैंकर से 50 हजार लीटर पानी लाकर आंबेडकर टांके में संग्रहित किया जाता है। इसके बाद भी जलप्रदाय की स्थिति तेजी से बिगड़ते जा रही है।
मुलताई। नगर पालिका ने जलप्रदाय के लिए टैंकरों से पानी लाना किया शुरू।